सभी मेडिकल स्टोर्स की होगी जांच, अवैध दवाओं और शराब पर होगी कड़ी कार्यवाही
श्योपुर, 18 सितंबर 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने निर्देश दिए हैं कि श्योपुर जिले में संचालित सभी मेडिकल स्टोर्स की व्यापक जांच की जाए। जांच में दवाओं के स्टॉक के साथ यह भी देखा जाएगा कि कहीं प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री तो नहीं हो रही है। इसके लिए एसडीएम स्तर पर कार्रवाई होगी और ड्रग इंस्पेक्टर को निर्देश दिए गए हैं कि मेडिकल स्टोर्स की सूची अपर कलेक्टर को उपलब्ध कराई जाए।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित नशामुक्ति अभियान की बैठक में कलेक्टर ने कहा कि बिना लाइसेंस के संचालित मेडिकल स्टोर्स पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कोडीन, एलपरजोम, क्लोनाजेपम, एविल जैसी दवाएं केवल डॉक्टर की पर्ची पर ही बेची जा सकती हैं। ऐसे मेडिकल स्टोर्स जो इन दवाओं का अवैध विक्रय करते पाए जाएंगे, उन्हें सील करने की कार्रवाई होगी।
उन्होंने आबकारी विभाग को निर्देशित किया कि अवैध शराब के प्रकरणों में भी कठोर कार्रवाई की जाए और निरंतर सर्चिंग अभियान चलाकर बिक्री रोकी जाए। इसी तरह एनडीपीसी एक्ट के तहत भी प्रभावी कार्यवाही के आदेश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय, एसडीएम गगन सिंह मीणा, सीएमएचओ डॉ. दिलीप सिकरवार, सामाजिक न्याय उप संचालक श्रीमती शशिकिरण इक्का, शिक्षा विभाग के सहायक संचालक यश जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने सामाजिक न्याय विभाग को ग्राम स्तर पर नशामुक्ति अभियान चलाने और शिक्षा विभाग को स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग और ड्रग इंस्पेक्टर सभी निजी अस्पतालों व प्राइवेट प्रैक्टिशनरों को यह सुनिश्चित करने की हिदायत दें कि सीरिंज का सही तरीके से निस्तारण किया जाए, ताकि उसका दोबारा उपयोग न हो सके।
