“धार्मिक नगरी श्योपुर नशे की गिरफ्त में” –
धार्मिक नगरी में गूंजा “हल्ला बोल” – सड़क पर उतरे आमजन, नेता और संगठन
श्योपुर, 17 सितंबर 2025
आज श्योपुर की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। हर वर्ग, हर समाज, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और सामाजिक संगठन एक सुर में थे—“नशे का धंधा बंद करो” की गूंज पूरे नगर में सुनाई दी।
हजारों लोग पाली रोड, बड़ौदा रोड, पुल दरवाजा, टोडी बाजार और मुख्य बाजार से होते हुए सुभाष चौक और पुलिस कोतवाली तक पैदल मार्च करते पहुंचे। हाथों में बैनर-पोस्टर और होंठों पर गूंजते नारे—यह नजारा साफ बता रहा था कि जनता अब खामोश नहीं रहेगी।
कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम एडिशनल एसपी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि—

➡ श्योपुर, जो धार्मिक नगरी और शांति का प्रतीक कहलाती है, आज नशे की गिरफ्त में कराह रही है।
➡ गांजा, चरस और कच्ची शराब का कारोबार खुलेआम चल रहा है।
➡ युवा पीढ़ी बर्बादी की ओर धकेली जा रही है, अपराध बढ़ रहे हैं और कई युवा जान तक गंवा चुके हैं।
लोगों ने मांग की कि जिले में तत्काल नशा मुक्ति केंद्र स्थापित हो, नशा व्यापारियों की संपत्ति कुर्क की जाए और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।
भीड़ में शामिल लोगों का कहना था—“अब या तो नशे का कारोबार रुकेगा, या जनता और बड़ा आंदोलन करेगी।”
