श्योपुर, 26 अगस्त 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशन में तहसीलदार श्रीमती मनीषा मिश्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और कुल 117 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर मौके पर ही कार्यवाही की गई।
आवास निर्माण अंतर्गत मजदूरी भुगतान के निर्देश
ग्राम गिरधरपुर निवासी दशरथ पुत्र गंगा आदिवासी की शिकायत पर तहसीलदार ने जनपद श्योपुर के अधिकारियों को आवास निर्माण योजना के तहत 90 दिवस की मजदूरी भुगतान करने के निर्देश दिए।
बालिका के उपचार हेतु आयुष्मान कार्ड चालू
ग्राम दांतरदा खुर्द निवासी अकरम की 3 माह की पुत्री अशरा, जो हृदय रोग से पीड़ित है, के उपचार के लिए तत्काल आयुष्मान कार्ड सुविधा चालू कराई गई। समग्र आईडी की गड़बड़ी को मौके पर ही सुधार कर नया कार्ड सक्रिय किया गया।
👨👩👧👦 संबल योजना में अपील के बाद मिलेगा लाभ
ग्राम बगवाज निवासी श्रीमती गुड्डी ने बताया कि उनके पति की 2019 में मृत्यु हो चुकी है, लेकिन उन्हें संबल योजना का लाभ नहीं मिला। इस पर संबंधित आवेदन को अपील प्रक्रिया में लिया गया।
इसी प्रकार, ग्राम हसनपुर हवेली निवासी श्री छीतर बाथम द्वारा पुत्र की बीमारी से हुई मृत्यु पर संबल योजना की अनुग्रह राशि हेतु आवेदन किया गया, जिसकी ऑनलाइन प्रविष्टि कर दी गई।
👉 जनसुनवाई कार्यक्रम में अधिकारियों ने आम नागरिकों की समस्याओं का गंभीरता से निराकरण किया और कई मामलों में तत्काल राहत प्रदान की।
