श्योपुर, 15 अगस्त 2025
स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय मुख्य समारोह में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला ने वीर सावरकर स्टेडियम में ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के बीच रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। कलेक्टर अर्पित वर्मा और पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के साथ परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। संयुक्त परेड ने हर्ष फायर किए और राष्ट्रपति के जयकारे लगाए।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का प्रदेशवासियों के लिए लाइव संदेश स्टेडियम में बड़ी एलईडी स्क्रीन पर प्रसारित हुआ। इसके बाद मंत्री राकेश शुक्ला ने जिले के विकास पर आधारित बधाई संदेश पढ़ा और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान

कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं लोकतंत्र सेनानियों के परिजनों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
परेड व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विजेताओं को सम्मान


परेड के सीनियर वर्ग में जिला पुलिस बल (पुरुष) प्रथम, जिला पुलिस बल (महिला) द्वितीय और एसएएफ-नगर सेना तृतीय रहे। जूनियर वर्ग में पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय एनसीसी बालक दल प्रथम, एनसीसी बालिका दल द्वितीय और शासकीय उत्कृष्ट उमावि श्योपुर का स्काउट दल तृतीय स्थान पर रहा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय ने प्रथम स्थान, शासकीय उत्कृष्ट उमावि श्योपुर ने द्वितीय और अशासकीय सेंट पायस स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मान
अतिवृष्टि व जलभराव की स्थिति में उत्कृष्ट कार्य के लिए तहसीलदार कराहल रोशनी शेख, तहसीलदार बड़ौदा-श्योपुर मनीषा मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित


समारोह में सहरिया विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष सीताराम आदिवासी, जिला पंचायत अध्यक्ष गुड्डी बाई आदिवासी, विधायक बाबू जण्डेल, विधायक विजयपुर मुकेश मल्होत्रा, नगरपालिका अध्यक्ष रेणु सुजीत गर्ग, पूर्व विधायक बृजराज सिंह चौहान, पूर्व विधायक दुर्गालाल विजय, भाजपा जिला अध्यक्ष शंशाक भूषण, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य महावीर सिंह सिसौदिया, कैलाश नारायण गुप्ता, अशोक गर्ग, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र जाट, जिला पंचायत उपाध्यक्ष नीरज जाट, जनपद अध्यक्ष रीना आशीष मीणा, गिरधारी बैरवा, भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सरोज तोमर, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष पीसी आर्य, सुजीत गर्ग सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पार्षद, पत्रकार, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में पौधरोपण


मुख्य समारोह के बाद मंत्री राकेश शुक्ला ने स्टेडियम परिसर में अपनी माता रामश्री शुक्ला के नाम पर पौधरोपण किया। अमलतास, करंज, शीशम, आंवला और अशोक के पौधे लगाए गए।
बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन


ग्राम रायपुरा स्थित एकीकृत हाईस्कूल में मंत्री राकेश शुक्ला ने बच्चों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन किया और उनसे स्वतंत्रता दिवस का महत्व साझा किया।
जिलेभर में हर्षोल्लास से मना स्वतंत्रता दिवस
जिला मुख्यालय समेत सभी विकासखंडों, नगर परिषदों, पंचायतों और शासकीय संस्थाओं में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस उत्साह के साथ मनाया।
