श्योपुर, 04 जून 2025
ईदुज्जुहा पर्व को लेकर जिला प्रशासन द्वारा मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने कहा कि आगामी 7 जून को ईदुज्जुहा का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए। उन्होंने सभी समुदायों से सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक पोस्ट या वीडियो से परहेज करने की अपील की।
बैठक में कलेक्टर वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ईद के अवसर पर ईदगाह और अन्य नमाज स्थलों पर साफ-सफाई, पानी के टैंकर, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने 6 जून को दाउदी बोहरा समाज की ईद के लिए भी बोहरा बाजार मस्जिद के आसपास विशेष सफाई व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
ईदगाह पर विशेष इंतजाम, सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने बताया कि ईदगाह एवं अन्य नमाज स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। उन्होंने कहा कि ईदगाह पर अलग से वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है और सभी नमाजियों से आग्रह किया गया कि वे अपने वाहन निर्धारित स्थान पर ही पार्क करें, ताकि यातायात व्यवस्था बनी रहे।
नमाज के समय घोषित
शहर काजी अतीक उल्ला कुरैशी ने बताया कि 7 जून को ईदुज्जुहा की नमाज ईदगाह पर सुबह 8:30 बजे अदा की जाएगी। इसके अलावा विभिन्न मस्जिदों में नमाज के समय इस प्रकार रहेंगे:
-
जामा मस्जिद – सुबह 7:15 बजे
-
खान सैय्यद किला मस्जिद – सुबह 7:15 बजे
-
मस्जिद ईमामबाड़ा – सुबह 7:30 बजे
-
मस्जिद कुमेदान – सुबह 7:45 बजे
-
बस स्टैंड इस्लामपुरा मस्जिद – सुबह 7:30 बजे
-
सलापुरा मस्जिद – सुबह 7:15 बजे
-
नारनौल किला मस्जिद – सुबह 8:45 बजे
उपस्थित रहे गणमान्यजन
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गुड्डी बाई आदिवासी, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रेणु सुजीत गर्ग, पूर्व विधायक बृजराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कैलाश नारायण गुप्ता, अंजुमन सदर शब्बीर नागौरी, वक्फ बोर्ड जिला अध्यक्ष काजी असद उल्ला कुरैशी, बजरंग दल जिला संयोजक कुलदीप सिंह सिसोदिया, जयदीप तोमर सहित अन्य सामाजिक व धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
शांति और सद्भावना का संदेश
बैठक का मुख्य उद्देश्य यह था कि आगामी त्योहार सभी धर्मों के लोगों द्वारा मिल-जुलकर शांति एवं सद्भावना के साथ मनाया जाए। सभी पक्षों ने प्रशासन को सहयोग देने का आश्वासन दिया। कलेक्टर ने भी कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।