श्योपुर, 08 अक्टूबर 2025
जिले में हुई हालिया बारिश से फसलों को हुए नुकसान का आंकलन कराने के निर्देश कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने जारी किए हैं। निर्देशों के तहत सभी तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में फसल क्षति का आकलन कर त्वरित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।
इसी क्रम में अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय ने मंगलवार को ग्राम चकबमूलिया और क्यारपुरा का भ्रमण कर खेतों में फसल की स्थिति का जायजा लिया। उनके साथ डिप्टी कलेक्टर संजय जैन, नायब तहसीलदार मानपुर टी.एस. लकड़ा, राजस्व निरीक्षक श्रीपाल अपोरिया एवं पटवारीगण उपस्थित रहे।
वहीं, कलेक्टर वर्मा के निर्देशानुसार कृषि विभाग के अधिकारी भी बारिश से प्रभावित फसलों का निरीक्षण कर रहे हैं। उप संचालक कृषि मुनेश शाक्य एवं कृषि विज्ञान केन्द्र बड़ौदा के वैज्ञानिकों ने उदयपुरा, बारखेड़ा और ललितपुरा ग्रामों का भ्रमण कर धान की क्षतिग्रस्त फसलों का जायजा लिया।
कलेक्टर ने कहा है कि सभी राजस्व अधिकारी पटवारियों से फसल क्षति का आंकलन तत्काल प्रभाव से कराएं और संबंधित रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करें, ताकि किसानों को राहत कार्यों का लाभ समय पर मिल सके।
