दिनांक: 21 अगस्त 2025
स्वच्छता परिसर बंद मिलने पर पंचायत सचिव को नोटिस
श्योपुर। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने बुधवार को प्रेमसर क्षेत्र के अंतर्गत जलालपुरा चौकी और ग्राम जलालपुरा का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं।
स्वच्छता परिसर बंद मिला एवं पेयजल टैंकरों के रख-रखाव में लापरवाही पाए जाने पर पंचायत सचिव खेमराज मीणा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने जलालपुरा चौकी स्थित पुराने यात्री प्रतिक्षालय को डिस्मेंटल करने हेतु पंचायत से प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। साथ ही पंचायत भवन परिसर में वर्षों से जर्जर व अनुपयोगी स्कूल भवन को भी हटाने को कहा।
भ्रमण के दौरान ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद, कलेक्टर ने श्योपुर मैन रोड तक वैकल्पिक मार्ग पर अतिक्रमण हटाने के लिए तहसीलदार को तत्काल दूरभाष पर निर्देशित किया।
उन्होंने जिला पंचायत अधिकारियों को आदेश दिए कि ग्राम झोपड़ी में मुक्तिधाम का निर्माण कराया जाए तथा जलालपुरा में शांतिधाम की मरम्मत शीघ्र कराई जाए।
मिडिल स्कूल जलालपुरा के निरीक्षण के दौरान परिसर में गंदगी पाई गई, जिस पर डीपीसी डॉ. पी.एस. गोयल को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश हुए।
इस दौरान उप सरपंच सहित ग्रामीणजन मौजूद रहे।
