जनसुनवाई में 142 आवेदन, मौके पर मिला विधवा पेंशन का लाभ

0
75
Spread the love

श्योपुर, 19 अगस्त 2025

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में कुल 142 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार जनसुनवाई की अध्यक्षता अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय ने की। इस दौरान अधिकारियों को आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिये गये। जनसुनवाई में एसडीएम श्योपुर गगन मीणा, एसडीएम विजयपुर  अभिषेक मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर  संजय जैन सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

मौके पर विधवा पेंशन स्वीकृत
जनसुनवाई के दौरान सायपुरा सिरसौद निवासी श्रीमती सीता बाई को मौके पर ही विधवा पेंशन का लाभ स्वीकृत कर दिया गया। महिला ने बताया कि उसके पति स्व. मोरपाल आदिवासी की मृत्यु हो चुकी है। इस पर सामाजिक न्याय विभाग द्वारा तत्काल पोर्टल पर विधवा पेंशन स्वीकृत की गई।

 बुजुर्ग को मिलेगा वृद्धावस्था पेंशन
पाण्डोली निवासी बुजुर्ग मुन्नालाल के आवेदन पर अपर कलेक्टर ने वृद्धावस्था पेंशन देने के निर्देश दिये। आवेदन के परीक्षण उपरांत बीपीएल सूची से सत्यापन कर उन्हें योजना का लाभ दिलाया जायेगा।

स्पॉन्सरशिप योजना में बच्चों को लाभ
वार्ड क्रमांक 08 श्योपुर निवासी श्रीमती शीला बंजारा, जिनके पति स्व. महावीर बंजारा का निधन हो चुका है, उनके 4 बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना में शामिल कर लाभ देने के निर्देश दिये गये। इसी प्रकार बडौदा वार्ड क्रमांक 05 निवासी श्रीमती विमला बाई के बच्चों को भी योजना में लाभान्वित करने की कार्यवाही करने के निर्देश महिला एवं बाल विकास विभाग को दिये गये।

करंट से भैंस की मौत पर मुआवजा
सायपुरा निवासी गोगा सिंह द्वारा भैंस की करंट लगने से हुई मृत्यु के मामले में आवेदन प्रस्तुत किया गया। अपर कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को इस प्रकरण में मुआवजा राशि प्रदान करने के निर्देश दिये।

जनसुनवाई के दौरान कई अन्य आवेदनों पर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here