श्योपुर, 18 अगस्त 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मनरेगा अंतर्गत निर्मित सभी 43 गौशालाओं का व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जाये। वर्तमान में 24 गौशालाएं संचालित हैं, जबकि शेष गौशालाओं में बिजली-पानी की व्यवस्था कर स्व-सहायता समूहों व सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से संचालन कराया जाये। उन्होंने पशुपालन विभाग को निर्देश दिए कि अपंजीकृत गौशालाओं में लगभग 100 गौवंश की उपलब्धता सुनिश्चित कर शासन की योजना के तहत उनका संचालन किया जाए।
कलेक्टर वर्मा ने कहा कि जिले की सभी पंचायतों व ग्रामों के मुक्तिधामों में बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएं। उन्होंने साफ-सफाई, सुलभ आवागमन के लिए रास्तों की सफाई, एप्रोच रोड, छाया, पानी, चबूतरा, शेड और पौधरोपण जैसे कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि अतिक्रमण होने पर राजस्व विभाग के साथ मिलकर कार्रवाई की जाए।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी विभाग समय सीमा में शिकायतों का गंभीरता से निराकरण करें। उन्होंने कहा कि इस माह की रैंकिंग आने में तीन दिन शेष हैं, इसलिए सभी विभाग शिकायतों का सकारात्मक व संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक में एसडीएम गगन मीणा, डिप्टी कलेक्टर संजय जैन, बीएस श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं एसडीएम कराहल मनोज गढ़वाल और एसडीएम विजयपुर अभिषेक मिश्रा वर्चुअली शामिल हुए।
