प्रभात फेरी में गूंजे ‘महात्मा गांधी अमर रहें’ के नारे, खादी अपनाने का भी लिया संकल्प
श्योपुर, 02 अक्टूबर 2026
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को श्योपुर शहर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। गांधी जयंती पर प्रभात फेरी निकाली गई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गांधी चौक पहुंची। इस दौरान ‘महात्मा गांधी की जय’ और ‘महात्मा गांधी अमर रहें’ के नारों से शहर गूंज उठा।
गांधी चौक पर पहुंचने के बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित किए तथा गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
सर्वधर्म प्रार्थना और बापू के प्रिय भजनों का गायन
महात्मा गांधी सेवा आश्रम के जयसिंह जादौन ने सर्वधर्म प्रार्थना कराई तथा नाममाला का गायन कराया। आदित्य चौहान ने बापू के प्रिय भजनों का गायन किया। इस दौरान ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए, जे पीड़ पराई जाने रे’, ‘हर देश में तू, हर वेश में तू’ तथा ‘सबके लिए खुला है मंदिर ये हमारा’ जैसे भजनों की प्रस्तुति दी गई।
कैलाश पाराशर ने महात्मा गांधी के एकादश व्रत तथा ‘एक सेवक की प्रार्थना’ का वाचन किया।
नागरिकों ने ली नशामुक्ति और खादी अपनाने की शपथ
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिषद उपाध्यक्ष संजय महाना ने उपस्थित नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। वहीं जयसिंह जादौन ने खादी के उपयोग की शपथ का वाचन कराया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने खादी का रूमाल खरीदकर खादी अपनाने के अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर महात्मा गांधी एवं लालबहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बड़ी संख्या में गांधीवादी और नागरिक रहे मौजूद
कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष रेनू सुजीत गर्ग, भीमसेन शर्मा, पूर्व विधायक ब्रजराज सिंह चौहान, हंसराज मीणा, सिराज दाउदी, अनवर बालापुरी, हमीद बालापुरी, कांग्रेस जिला अध्यक्ष मांगीलाल फौजी, कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष अतुल चौहान, कमल शर्मा नागदा, दिनेश सिकरवार, चौथमल शर्मा, सुमेर सिंह, आलोक चौहान, अनिल चौहान, ओमवीर रघुवंशी, ओपी सिकरवार, धर्मेन्द्र शर्मा, मनोज वैष्णव, सखावत अली, जुगराज सिंह रावत, सौरभ चौहान, माय भारत की जिला अधिकारी विनिता चौधरी, शिवकुमार दौहरे, सामाजिक न्याय विभाग से राजवीर कुशवाह, गिर्राज शर्मा, राधे जांगिड़, शैलेन्द्र पाराशर सहित बड़ी संख्या में गांधीवादी एवं नागरिक मौजूद रहे।
