राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का श्योपुर दौरा प्रस्तावित, कूनो में होगा रात्रि विश्राम

0
3
Spread the love

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर ने अधिकारियों को सौंपे जिम्मे

21 जून को कूनो नेशनल पार्क पहुंचेंगी राष्ट्रपति, 22 जून को करेंगी प्रस्थान

हेलीपेड से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक, तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन

श्योपुर, 04 जून 2026

देश की प्रथम नागरिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का श्योपुर जिले में दो दिवसीय दौरा प्रस्तावित होने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। राष्ट्रपति के संभावित आगमन को लेकर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर शीला दाहिमा की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 21 जून को अपराह्न लगभग 3 बजे श्योपुर जिले के विश्व प्रसिद्ध कूनो नेशनल पार्क पहुंचेंगी और यहीं रात्रि विश्राम करेंगी। अगले दिन 22 जून को प्रातः 10 बजे कूनो से प्रस्थान करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कसी कमर

राष्ट्रपति के संभावित प्रवास को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने की कवायद शुरू कर दी है। कलेक्टर शीला दाहिमा ने अधिकारियों को राष्ट्रपति प्रोटोकॉल के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में सुरक्षा, आवागमन, आवास, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, संचार व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।

हेलीपेड को सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयार करने के निर्देश

कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कूनो स्थित हेलीपेड को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयार किया जाए। साथ ही राष्ट्रपति के आगमन एवं प्रस्थान मार्ग की व्यवस्थाओं को भी प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल, कूनो डीएफओ आर. थिरूकुराल, अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय, सीईओ जिला पंचायत सौम्या आनंद, सामान्य प्रशासन विभाग के अधिकारी के.एस. रंधावा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला अभी से सक्रिय हो गया है और कूनो नेशनल पार्क सहित जिले में तैयारियों का दौर तेज हो गया है। 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here