श्योपुर, 08 दिसंबर 2025
मध्यप्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को कौशल विकास के साथ रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से लागू की गई मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के अंतर्गत अब रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस योजना के माध्यम से प्रदेश के निजी एवं शासकीय औद्योगिक प्रतिष्ठानों में युवाओं को ऑन द जॉब ट्रेनिंग उपलब्ध कराई जाएगी।
शासकीय आईटीआई श्योपुर के प्राचार्य आशीष कुमार जैन ने बताया कि राज्य सरकार ने वर्षभर में 1 लाख युवाओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। योजना के लिए 18 से 29 वर्ष आयु वर्ग के वे युवा पात्र हैं, जो मध्यप्रदेश के निवासी हों और जिनकी शैक्षणिक योग्यता कक्षा 12, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक या इससे अधिक हो।
प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को 8,000 से 10,000 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा, जिसमें 75% राशि राज्य शासन और 25% संबंधित औद्योगिक प्रतिष्ठान द्वारा वहन की जाएगी। इच्छुक उम्मीदवार योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आधिकारिक पोर्टल www.mmsky.mp.gov.in पर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
रजिस्ट्रेशन से संबंधित किसी भी जानकारी या समस्या के समाधान के लिए अभ्यर्थी कॉल सेंटर 0755-2525258 पर प्रातः 9 बजे से सायं 6 बजे तक संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त युवक शासकीय आईटीआई श्योपुर के टीपीओ से मो. 7000319811 पर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
योजना में युवाओं के साथ-साथ निजी प्रतिष्ठान एवं औद्योगिक इकाइयाँ भी पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करा सकती हैं। रजिस्ट्रेशन के लिए उनके पास जीएसटी रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है तथा संस्थान में न्यूनतम चार कर्मचारियों का कार्यबल होना आवश्यक है।
