शीतलहर से बढ़ सकता है खतरा, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवायजरी

0
20
Spread the love


श्योपुर, 08 दिसम्बर 2025

आगामी दिनों में तापमान में तेज गिरावट और शीतलहर की आशंका को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग ने जिलावासियों के लिए एडवायजरी जारी की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिलीप सिकरवार ने बताया कि दिसंबर–जनवरी के बीच शीतलहर का प्रभाव अधिक देखा जाता है, जो नागरिकों के लिए स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ा सकता है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बढ़ती ठंड विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं, पहले से बीमार व्यक्तियों, दिव्यांगजन तथा खुले स्थानों पर कार्य करने वाले छोटे व्यवसायियों को अधिक प्रभावित करती है। विभाग ने चेतावनी दी कि शीतलहर व तीव्र शीतलहर दोनों ही परिस्थितियों में मधुमेह, उच्च रक्तचाप, दमा व सांस संबंधी बीमारियों से ग्रसित मरीजों की समस्या बढ़ सकती है। ऐसी स्थिति में हाइपोथर्मिया, निमोनिया, अस्थमा और हार्ट अटैक जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएँ भी उत्पन्न हो सकती हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि अत्यधिक ठंड में अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें, गुनगुना पानी पिएँ, पौष्टिक एवं शरीर को गर्म रखने वाले भोजन का सेवन करें तथा पर्याप्त गर्म कपड़ों का उपयोग करें। घरों में उचित वेंटिलेशन बनाए रखना भी आवश्यक बताया गया है। हृदय एवं श्वांस संबंधी रोगियों को विशेष सतर्कता रखने तथा बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा न लेने की हिदायत दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने यह भी कहा कि किसी भी असामान्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नज़दीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें, ताकि समय पर उपचार मिल सके और गंभीर स्थिति से बचा जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here