श्योपुर, 09 नवंबर 2025:
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देश पर किसानों की सुविधा के लिए उपमंडी कराहल में भी धान का क्रय-विक्रय शुरू कर दिया गया है।
सचिव कृषि उपज मंडी समिति श्योपुर ने बताया कि मंडी परिसर में केटींन, पेयजल और प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। इस वर्ष अब तक श्योपुर मंडी में 1,52,893 क्विंटल धान का क्रय किया जा चुका है, जो गत वर्ष की समान अवधि में हुई 32,387 क्विंटल आवक से लगभग 5 गुना अधिक है।
बडौदा मंडी में भी धान की आवक बढ़कर इस वर्ष 8,718 क्विंटल हो गई है, जबकि गत वर्ष केवल 694 क्विंटल धान आया था। दोनों मंडियों में कुल 1,61,611 क्विंटल धान की आवक दर्ज की गई है। धान का मॉडल प्राइस 2,500 रुपये प्रति क्विंटल रहा, न्यूनतम 1,000 रुपये और अधिकतम 3,185 रुपये प्रति क्विंटल कीमत पर खरीदी हुई है।
किसानों से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी धान फसल साफ करके मंडी लाएं, ताकि उन्हें उचित भाव मिल सके। मंडी प्रशासन बाहर के धान खरीदी करने वाले व्यापारियों से भी संपर्क कर रहा है।
