विजयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मणपुरा में उस वक्त हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों द्वारा मिट्टी का टीला खोदते समय अचानक मिट्टी ढह गई। इस दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय शिवानी कुशवाह पुत्री पानसिंह कुशवाह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।
घायलों में आशिकी (8 वर्ष) पुत्री करण कुशवाह, अनुष्का (11 वर्ष) पुत्री लालपत कुशवाह, योगेश (8 वर्ष) पुत्र मनोज कुशवाह, मन्नू (8 वर्ष) पुत्र केदार कुशवाह और पूनम (30 वर्ष) पत्नी केदार कुशवाह शामिल हैं। सभी घायल ग्राम लक्ष्मणपुरा निवासी हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से दो बच्चों को उपचार उपरांत घर भेज दिया गया।
एसडीओ राजस्व अभिषेक मिश्रा ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार मृतक बालिका के परिजनों को आरबीसी 6-4 के तहत 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। वहीं घायल पूनम कुशवाह को रेड क्रॉस के माध्यम से 10 हजार रुपए की सहायता राशि दी गई।
👉 प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
