श्योपुर, 26 सितंबर 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा द्वारा गत दिनों आयोजित एमपीयूडीसी की बैठक में दिये गए निर्देशों के क्रम में आज राजस्थान के जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने पार्वती नदी पर प्रस्तावित एनीकट स्थल का दौरा किया। इस दौरान मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कम्पनी की चंबल इकाई के अधिकारी भी मौजूद रहे।
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा एशियन डेवलपमेंट बैंक के सहयोग से श्योपुर एवं बड़ौदा नगर में हर घर नल से जल पहुंचाने की महत्वाकांक्षी जल प्रदाय परियोजना पर कार्य किया जा रहा है। इसके तहत पार्वती नदी पर इंटेक वेल एवं एनीकट का निर्माण प्रस्तावित है, जिससे दोनों नगरों में सतत जल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
चूंकि पार्वती नदी अंतर्राज्यीय है, इसलिए एनीकट निर्माण के लिए राजस्थान सरकार की अनापत्ति आवश्यक है। इसी उद्देश्य से राजस्थान जल संसाधन विभाग के अधिकारी परियोजना कार्यान्वयन इकाई एवं परियोजना प्रबंधन सलाहकार टीम के साथ निरीक्षण हेतु पहुंचे।
राजस्थान की ओर से निरीक्षण दल का नेतृत्व कार्यकारी अभियंता आर.के. मीणा ने किया, जबकि मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कम्पनी की ओर से सहायक परियोजना प्रबंधक रामबरन त्यागी टीम का नेतृत्व कर रहे थे।
यह निरीक्षण एनओसी प्रक्रिया को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे परियोजना क्रियान्वयन में आ रही प्रशासनिक बाधाओं को दूर कर जलावर्धन योजना को गति मिल सकेगी।
