श्योपुर की बेटी ने विदेश में लहराया परचम, कलेक्टर ने दी शुभकामनाएं एशियन अंडर-15 कुश्ती चैम्पियनशिप में जीता कांस्य पदक

0
139
Spread the love

श्योपुर, 14 जुलाई 2025
श्योपुर जिले की होनहार बेटी सुखमन कौर ने किर्गीस्तान में आयोजित एशियन अंडर-15 कुश्ती चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर जिले एवं प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि पर कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट  अर्पित वर्मा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में उनका सम्मान किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

सम्मान समारोह के दौरान कलेक्टर  वर्मा ने सुखमन कौर को माल्यार्पण कर शील्ड और स्मृति चिन्ह भेंट किया। उन्होंने इस अवसर पर खेल अधिकारी को निर्देशित किया कि सुखमन कौर का नाम एकलव्य अवार्ड के लिए भेजा जाए, जिसके अंतर्गत लगभग ₹2 लाख की पुरस्कार राशि प्रदान की जाती है।

इस मौके पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष  सुरेन्द्र जाट, प्रदेश कार्य समिति सदस्य  कैलाशनारायण गुप्ता, नगर मंडल अध्यक्ष  संजय मंगल, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष मोनू सोनी, उपाध्यक्ष  अमित शर्मा, खेल अधिकारी  अरुण सिंह चौहान, सुखमन के पिता  जितेन्द्र सिंह एवं दादा  दलवीर सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सोईकलां निवासी सुखमन कौर ने प्रतियोगिता में मंगोलिया और कजाकिस्तान की पहलवानों को 10-0 के एकतरफा अंतर से हराकर कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। उनकी इस जीत से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे जिले में हर्ष और गर्व का माहौल है।

सुखमन कौर पूर्व में भी कई उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कर चुकी हैं। वर्ष 2022 में उन्होंने राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक, वर्ष 2023-24 में अंडर-14 और अंडर-15 स्टेट गोल्ड, तथा 2025 में अंडर-17 नेशनल प्रतियोगिता में पदक जीतकर अपनी कुश्ती प्रतिभा का परचम लहराया है।

कलेक्टर वर्मा ने इस अवसर पर कहा कि सुखमन की सफलता जिले के अन्य युवाओं को भी प्रेरणा देगी और श्योपुर की बेटियाँ भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here