Thursday, April 10, 2025

मुख्यमंत्री जी द्वारा लाडली बहना योजना की 22वी किस्त की राशि का अंतरण श्योपुर जिले की 01 लाख 09 हजार 519 बहनाओं को मिली राशि निषादराज भवन में जिला स्तरीय महिला सम्मान समारोह आयोजित

Spread the love

श्योपुर, 08 मार्च 2025
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा अंतराष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च के अवसर पर भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेशन हॉल में आयोजित राज्य स्तरीय महिला सम्मान समारोह कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना अंतर्गत प्रदेश की 1.27 करोड़ लाड़ली बहनों को 1552.73 करोड़ रूपये की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरण की गई। इस कार्यक्रम के माध्यम से श्योपुर जिले की 1 लाख 9 हजार 519 बहनाओं को भी राशि प्राप्त हुई। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान किया गया।
इस अवसर पर निषादराज भवन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गुड्डी बाई आदिवासी, भाजपा जिला अध्यक्ष  शंशाक भूषण, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रेणु सुजीत गर्ग, जिला पंचायत उपाध्यक्ष  नीरज जाट, भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती सरोज तोमर, बाल संरक्षण कल्याण समिति की अध्यक्ष श्रीमती अर्चना भूषण, श्रीमती उमा शर्मा सहित डीपीओ महिला बाल विकास  ओपी पाण्डेय, डीपीएम एनआरएलएम  सोहनकृष्ण मुदगल आदि अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समाज में महिलाएं हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो रही है। घर परिवार के साथ ही बडे ओहदे भी संभाल रही है। शासन महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सतत् रूप से कार्य कर रहा है। राजनैतिक, आर्थिक एवं सामाजिक क्षेत्र के साथ ही शासन एवं प्रशासन में महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होने कहा कि बेटा और बेटी में कोई भेदभाव नही होना चाहिए, अब यह वह दौर नही, जब बेटी को बोझ समझा जाता था, बल्कि अब बेटियां आगे बढ रही है और अपने आप को साबित कर रही है।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गुड्डी बाई आदिवासी ने इस अवसर पर उपस्थित सभी महिलाओं को अंतराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में भी महिलाएं सशक्त हुई और और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर भी बन रही है।
भाजपा जिला अध्यक्ष शंशाक भूषण ने कहा कि आज श्योपुर के लिए गौरव का विषय है जब जिले की दो शख्सियत को भोपाल में सम्मान मिल रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री जी आज किन्नर कोमल गुरू को उनके सामाजिक क्षेत्र में किये गये कार्यो के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित कर रहे है, वही समूह से जुडी आदिवासी सहरिया परिवार की महिला श्रीमती सुनीता आदिवासी अपने आर्थिक निर्भरता के अनुभव राज्य स्तरीय मंच पर शेयर कर रही है। उन्होने कहा कि शासन की अनेक योजनाएं महिला सशक्तिकरण के लिए चल रही है, जिनमें लाडली बहना योजना, लाडली लक्ष्मी योजना प्रमुख है। इसके साथ ही शासन ने आधी आबादी को आरक्षण प्रदान कर राजनैतिक, प्रशासनिक आदि क्षेत्रो में अवसर प्रदान किये है।
नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रेणु सुजीत गर्ग ने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में तरक्की कर रही है, उन्होने कहा कि एक-दूसरे से प्रेरणा लेकर सभी आगे बढे और स्वच्छ समाज की स्थापना में अपनी भूमिका निभायें। उन्होने आव्हान किया कि सभी महिलाएं अपने बच्चों को शिक्षा प्रदान करने में पीछे न रहें, शिक्षा ही ऐसी कुंजी है, जो हर समस्या का हल करती है।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष नीरज जाट ने इस अवसर पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाएं घर, परिवार, समाज के साथ ही सार्वजनिक क्षेत्र में भी भूमिका का निर्वहन कर रही है। मातृ शक्ति को प्रणाम करते हुए उन्होने कहा कि धरती से लेकर आकाश और अंतरिक्ष तक महिलाओं ने अपने कार्यो से उदाहरण प्रस्तुत किये है।
इसके साथ ही महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती सरोज तोमर, बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष श्रीमती अर्चना भूषण, एपीआरओ सुश्री अवंतिका श्रीवास्तव, परियोजना अधिकारी श्रीमती राजेश शर्मा ने भी अपने उदगार व्यक्त किये। कार्यक्रम का संचालन पर्यवेक्षक श्रीमती सुषमा सोनी द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्र में अपने उत्कृष्ट कार्यो के लिए महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान एनआरएलएम अंतर्गत समूह के माध्यम से विभिन्न आजीविका मूलक गतिविधियों में बेहतर कार्य करने वाली महिलाओं, कृषि क्षेत्र से जुडी महिलाओं, ड्रोन उडाने वाली महिला, लखपति दीदी एवं महिला बाल विकास की सुपरवाईजर, आंगनबाडी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओ को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।


श्योपुर जिले की 01 लाख 09 हजार 519 बहनाओं को मिली राशि
इस कार्यक्रम के माध्यम से श्योपुर जिले की 01 लाख 9 हजार 519 लाडली बहनाओं को उनके बैंक खाते में 1250-1250 रूपये की राशि प्राप्त हुई। श्योपुर की लाडली बहनाओं को माह फरवरी के लिए कुल 13 करोड 44 लाख 74 हजार 150 रूपये की राशि अंतरित की गई।
योजना के तहत श्योपुर जिले में कुल 1 लाख 9 हजार 519 बहनों को लाभ मिला है। नगरपालिका श्योपुर क्षेत्र की 11 हजार 820, नगर परिषद बडौदा क्षेत्र की 3425, नगर परिषद विजयपुर क्षेत्र की 2843, जनपद पंचायत क्षेत्र श्योपुर की 44 हजार 188, जनपद पंचायत कराहल क्षेत्र की 11 हजार 744 तथा जनपद पंचायत विजयपुर क्षेत्र की 35 हजार 499 लाडली बहनाओं को यह राशि प्राप्त हुई है।

- Advertisement -spot_img
Latest news
Related news