हर बार नशामुक्ति की बात होती है और फिर ठंडे बसते में चली जाती है प्रशासन की नाक के नीचे खुलेआम बिकता है नशा
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दिए जीरो टॉलरेंस के निर्देश; खाद वितरण, त्योहारों की सुरक्षा और छात्रावासों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा
श्योपुर, 04 नवंबर 2026
प्रदेश में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने और अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। उन्होंने ड्रग्स और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री तथा निर्माण में शामिल लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई करने को कहा है। साथ ही अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर भी कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के अधिकारियों के साथ विभिन्न विषयों की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में दीपावली एवं गोवर्धन पर्व पर कानून-व्यवस्था, किसानों को उर्वरक की उपलब्धता, स्वामित्व योजना के लंबित पंजीयन, छात्रावासों की व्यवस्थाओं और नशामुक्ति अभियान की प्रगति पर चर्चा हुई
नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस, अवैध शराब पर भी सख्ती
मुख्यमंत्री ने कहा कि ड्रग्स और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री तथा निर्माण करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। नशे के दुष्परिणामों को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रभावी अभियान चलाया जाए। उन्होंने अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और विक्रय पर भी कड़ी निगरानी रखते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत संचालित ‘नशे से दूरी है जरूरी’ कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई।
श्योपुर के ‘पोषण जोड़ो-पुड़िया छोड़ो’ अभियान की मुख्यमंत्री ने की सराहना
बैठक में कलेक्टर शीला दाहिमा ने मुख्यमंत्री को श्योपुर जिले में संचालित ‘पोषण जोड़ो-पुड़िया छोड़ो’ अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न गांवों में नशामुक्त समाज की दिशा में प्रशासन द्वारा जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
जनसुनवाई, जनसंवाद और प्रशासनिक अधिकारियों के ग्रामीण भ्रमण के दौरान लोगों को तंबाकूयुक्त उत्पादों, गुटखा, पुड़िया और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके साथ ही लोगों को पोषणयुक्त आहार अपनाने का संदेश भी दिया जा रहा है।
अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए जन अभियान परिषद, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) और विभिन्न गैर सरकारी संगठनों के माध्यम से सामुदायिक बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों में लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए गुटखा और पुड़िया छोड़ने का संकल्प दिलाया जा रहा है।
कलेक्टर ने बताया कि अभियान को समुदाय का समर्थन मिल रहा है और लोग नशे से दूरी बनाने का संकल्प ले रहे हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जिले में संचालित गतिविधियों और ग्रामीण क्षेत्रों में किए जा रहे जनजागरूकता प्रयासों को सकारात्मक पहल बताया।
किसानों को जरूरत के मुताबिक खाद उपलब्ध कराने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने उर्वरक की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खाद की उपलब्धता एवं वितरण पर लगातार निगरानी रखी जाए और किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सुचारू रूप से उर्वरक उपलब्ध कराया जाए।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता होने की जानकारी देते हुए वितरण व्यवस्था को सक्रियता से संचालित करने पर जोर दिया, ताकि किसानों को खाद प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी न हो।
त्योहारों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश
दीपावली एवं गोवर्धन पर्व को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कानून-व्यवस्था और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वामित्व योजना के अंतर्गत लंबित पंजीयन कार्य में तेजी लाने पर भी जोर दिया।
छात्रावासों में अधिकारी करें नियमित भ्रमण
मुख्यमंत्री ने छात्रावासों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को नियमित रूप से भ्रमण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी छात्रावासों में रहने वाले बच्चों से संवाद करें और उन्हें करियर तथा विषय चयन को लेकर उचित मार्गदर्शन भी दें।
9 नवंबर को गोपाल कृष्ण पुरस्कार की राशि होगी अंतरित
गोवर्धन पूजन के अवसर पर गोपाल कृष्ण पुरस्कार योजना के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता पशुपालकों को पुरस्कार राशि वितरित करने के लिए गौशालाओं में कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने बताया कि 9 नवंबर को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में विजेता पशुपालकों के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से पुरस्कार राशि अंतरित की जाएगी।
श्योपुर से अधिकारी रहे मौजूद
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान श्योपुर के एनआईसी कक्ष में कलेक्टर शीला दाहिमा, पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान, एसडीएम गगन सिंह मीणा, डिप्टी कलेक्टर शिवलाल शाक्य, बीएस श्रीवास्तव सहित कृषि, आबकारी, सहकारिता और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
श्योपुर का ‘पोषण जोड़ो-पुड़िया छोड़ो’ अभियान अब जिले की नशामुक्ति मुहिम के रूप में सामने आ रहा है। मुख्यमंत्री की सराहना के बाद इस अभियान को गांवों तक और प्रभावी ढंग से पहुंचाने की प्रशासनिक जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण होगी।
