श्योपुर दिनांक: 16 फरवरी 2026
अक्षय तृतीया, देवउठनी ग्यारस और बसंत पंचमी पर होंगे आयोजन
श्योपुर। श्योपुर जिले में मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के तहत वर्ष 2026-27 के लिए सामूहिक विवाह सम्मेलनों की तिथियां तय कर दी गई हैं। शासन स्तर से वार्षिक चक्र के अनुसार इन आयोजनों का कैलेंडर जारी किया गया है।
उप संचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग शशिकिरण इक्का ने बताया कि कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में जिले के सभी जनपद पंचायतों और नगरीय निकायों में निर्धारित तिथियों पर सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
तय कार्यक्रम के अनुसार इन तिथियों पर होंगे सम्मेलन
-
19 अप्रैल 2026 (अक्षय तृतीया) – सभी जनपद पंचायतों एवं नगरपालिकाओं में सामूहिक विवाह सम्मेलन
-
20 नवंबर 2026 (देवउठनी ग्यारस / तुलसी विवाह) – जिलेभर में आयोजन
-
11 फरवरी 2027 (बसंत पंचमी) – सभी निकायों में विवाह सम्मेलन आयोजित
आवेदन प्रक्रिया शुरू, लाभ लेने का मौका
योजना का लाभ प्राप्त करने के इच्छुक अभिभावक अपने आवेदन संबंधित जनपद पंचायत या नगरीय निकाय में जमा कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए कलेक्ट्रेट स्थित सामाजिक न्याय विभाग कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
प्रशासन का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों को सामूहिक विवाह के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक सहयोग प्रदान करना है, ताकि विवाह जैसी महत्वपूर्ण सामाजिक व्यवस्था सम्मानजनक तरीके से संपन्न हो सके।
#SheopurNews #SamuhikVivah #MukhyamantriKanyaVivahYojana #MPGovernment #SocialJustice #CrimeNationalNews
