ग्राम पंचायतों का राजस्व बढ़ाएं, नवाचार से आर्थिक गतिविधियां शुरू करें – सीईओ
श्योपुर 09 फरवरी 2026
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में जिला पंचायत सभाकक्ष में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं और पैसा एक्ट अंतर्गत संचालित गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत सौम्या आनंद ने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कार्य किया जाए। पंचायतों के राजस्व में वृद्धि के लिए नवाचार अपनाए जाएं, आर्थिक गतिविधियों का संचालन हो और जलकर सहित अन्य राजस्व की नियमित वसूली सुनिश्चित की जाए।
सीईओ सौम्या आनंद ने बताया कि श्योपुर जिले में दो वृंदावन ग्राम—नागदा और श्यामपुर चिन्हित किए गए हैं। इन दोनों ग्राम पंचायतों में 7-7 लाख रुपये की लागत से क्लस्टर स्तरीय पंचायत लर्निंग सेंटर बनाए जाएंगे। इन लर्निंग सेंटरों के माध्यम से संबंधित क्लस्टर की पंचायतों के ग्रामीणों, हितग्राहियों और मैदानी अमले के लिए विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान अंतर्गत कराहल को महिला हितैषी पंचायत के रूप में चिन्हित किया गया है। महिला हितैषी पंचायत के रूप में विकास के लिए जेंडर आधारित गतिविधियों के आयोजन के निर्देश दिए गए।
पैसा एक्ट की गतिविधियों की समीक्षा
पैसा एक्ट अंतर्गत संचालित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए सीईओ ने निर्देश दिए कि 33 तालाबों का सत्यापन पैसा मोबिलाइजर के माध्यम से कराया जाए और शासन के निर्देशों के अनुसार आगामी कार्ययोजना तैयार की जाए।
141 ग्राम सभाओं में समितियों का गठन
राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के समन्वयक उदय सिंह धाकड़ ने जानकारी दी कि आदिवासी विकासखंड कराहल की 52 पंचायतों की 141 ग्राम सभाओं में तीन प्रकार की समितियों का गठन किया गया है, जिनमें वाद-विवाद समिति, वनोपज समिति और तदर्थ समिति शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए फरवरी माह में जनपद और जिला स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरण
सीईओ सौम्या आनंद ने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों द्वारा लंबित विद्युत बिलों का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पैसा एक्ट समितियों के माध्यम से बाल विवाह, दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन हेतु जनजागरण किया जाए और बालिका शिक्षा के प्रति समुदाय को प्रोत्साहित किया जाए।
बैठक में राजेश शर्मा सहित अन्य अधिकारी, आरजीएसए के ब्लॉक ऑपरेटर, पैसा मोबिलाइजर और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
#PanchayatNews #SheopurNews #RuralDevelopment #GramPanchayat #LearningCenter #PESAAct #NationalNews
