शीतलहर से हो सकता है बड़ा नुकसान, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवायजरी

0
23
Spread the love

बुजुर्ग, बच्चे व बीमार व्यक्तियों को विशेष सतर्कता की जरूरत

श्योपुर, 02 जनवरी 2026
जिले में आगामी दिनों में ठंड की तीव्रता बढ़ने और शीतलहर की स्थिति बनने की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों के लिए एडवायजरी जारी की है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिलीप सिकरवार द्वारा यह एडवायजरी जारी करते हुए लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार दिसम्बर एवं जनवरी माह के दौरान शीतलहर का प्रभाव अधिक रहता है। बढ़ती ठंड विशेष रूप से बुजुर्गों, नवजात एवं छोटे बच्चों, पहले से बीमार व्यक्तियों, दिव्यांगजनों तथा खुले स्थानों पर कार्य करने वाले श्रमिकों एवं छोटे व्यवसायियों के लिए जोखिमपूर्ण हो सकती है। विभाग ने बताया कि आगामी दिनों में सामान्य शीतलहर के साथ-साथ तीव्र शीतलहर की परिस्थितियां भी उत्पन्न हो सकती हैं।

इन रोगियों पर अधिक खतरा

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, दमा एवं अन्य श्वांस संबंधी रोगों से ग्रसित मरीजों, वृद्धजनों तथा पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों के शीतलहर से अधिक प्रभावित होने की आशंका रहती है। अत्यधिक ठंड के कारण हाइपोथर्मिया, निमोनिया, अस्थमा के दौरे तथा हार्ट अटैक जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ सकती हैं।

स्वास्थ्य विभाग की सलाह

एडवायजरी में नागरिकों को सलाह दी गई है कि—

  • अत्यधिक ठंड के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें

  • शरीर को ढकने वाले गर्म कपड़ों का नियमित उपयोग करें

  • गुनगुना पानी पीएं और शरीर को गर्म रखने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन करें

  • घरों में पर्याप्त वेंटिलेशन बनाए रखें, ताकि बंद कमरों में गैस या धुएं का जमाव न हो

  • हृदय एवं श्वांस रोग से ग्रसित व्यक्ति विशेष सावधानी बरतें और बिना चिकित्सकीय परामर्श के कोई दवा न लें

लक्षण दिखें तो तुरंत संपर्क करें

स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि ठंड के कारण किसी भी प्रकार के असामान्य लक्षण दिखाई दें, जैसे अत्यधिक ठिठुरन, सांस लेने में तकलीफ, सीने में दर्द, अत्यधिक कमजोरी या तेज बुखार, तो बिना देरी के नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा चिकित्सक से संपर्क करें

जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सतर्कता एवं सावधानी ही शीतलहर से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here