दिनांक 1 दिसंबर 2025
भोपाल/अशोकनगर /मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा जिला प्रशासन और सनसेट डेज़र्ट कैम्प के सहयोग से चंदेरी इको रिट्रीट के तीसरे संस्करण का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम का वर्चुअल उद्घाटन किया, जबकि अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री, संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने की। कटी घाटी के पास स्थापित यह भव्य टेंट सिटी तीन माह तक देश–विदेश के पर्यटकों का स्वागत करेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि चंदेरी प्रकृति, इतिहास और संस्कृति से भरपूर स्थल है, जो अब टूरिज्म के साथ फिल्म जगत का पसंदीदा गंतव्य बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यटक तीन महीनों तक इस शानदार टेंट सिटी और यहां की हरित–पर्वतीय सुंदरता का आनंद ले सकेंगे।
पकेंद्रीय मंत्री सिंधिया ने चंदेरी की ऐतिहासिक धरोहरों—किले, बावड़ियों और महलों—को बुंदेलखंड की सांस्कृतिक विरासत का अतुलनीय प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि चंदेरी केवल अतीत की यादें नहीं, बल्कि भारतीय शिल्प,रंपरा और सौंदर्यशास्त्र का जीवंत उदारहण है।
अपर मुख्य सचिव पर्यटन एवं प्रबंध संचालक, मप्र टूरिज्म बोर्ड, शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि इको रिट्रीट चंदेरी को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय हैंडलूम, कला–शिल्प और पर्यटन व्यवसाय को नई ऊंचाई मिलेगी।
फैशन शो में चमका ‘Threads of Time – The Chanderi Saga’
इस वर्ष का प्रमुख आकर्षण रहा फैशन और संगीत समारोह “Threads of Time – The Chanderi Saga”, जिसमें चंदेरी की हथकरघा बुनाई पर आधारित फैशन की ऐतिहासिक यात्रा को पाँच थीमों में प्रस्तुत किया गया।
FabIndia, Taneria, Itokri, Noize Jeans और Zee’s by Tajwar जैसे प्रमुख ब्रांडों के संग्रह ने मंच पर अलग ही रंग जमा दिया।
कार्यक्रम की प्रमुख थीम — From Loom to Life, The Royal Drapes, The Modern Muse, Threads Meet Denim और Zari Zardozi Elegance — ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में पद्मश्री कैलूराम बामनिया, इंडी–फ्यूज़न कलाकार कविश सेठ, मोहन वीणा वादक राघवेंद्र कुमार, फोक–फ्यूज़न बैंड SANGAT के रितेश गोहिया और सूफ़ी–लोक गायिका प्रतिभा पाठक ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
पर्यटकों के लिए लग्ज़री ग्लैमपिंग और एडवेंचर का अनोखा अनुभव
चंदेरी की प्राकृतिक खूबसूरती के बीच बसाई गई टेंट सिटी में पर्यटकों को लग्ज़री ग्लैमपिंग का अनोखा अनुभव मिल रहा है।
महोत्सव में हॉट एयर बैलून ग्लो शो, एटीवी राइड, ज़िपलाइन, एयरगन शूटिंग जैसे एडवेंचर आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
खान–पान में बघेलखंड और बुंदेलखंड के विशिष्ट व्यंजनों का विशेष स्वाद पर्यटकों को लुभा रहा है।
परिवारों और बच्चों के लिए किड्स ज़ोन से लेकर इनडोर–आउटडोर गेम्स तक की विस्तृत व्यवस्था की गई है।
चंदेरी इको रिट्रीट अपने इतिहास, संस्कृति, फैशन और रोमांच के अनूठे संगम के साथ इस बार भी पर्यटकों को अविस्मरणीय अनुभव दे रहा है।
