श्योपुर, 01 दिसम्बर 2025
गीता जयंती पर श्रीराम तलाई हनुमान मंदिर में 15वें अध्याय का सस्वर पाठ, भव्य आयोजन में उमड़ा भक्तिभाव
अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव के अवसर पर सोमवार को जिलेभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ गीता जयंती मनाई गई। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में श्योपुर के श्रीराम तलाई हनुमान मंदिर परिसर में सामूहिक समवेत गीता स्वाध्याय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां भक्तिमय वातावरण के बीच श्रीमद्भगवद् गीता के 15वें अध्याय का सस्वर पाठ किया गया। आयोजन विश्व गीता प्रतिष्ठान एवं नीलकंठ वैदिक गुरूकुल के निर्देशन में सम्पन्न हुआ।
विभिन्न जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सौम्या आनंद, डिप्टी कलेक्टर श्री संजय कुमार जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री शशांक भूषण, पूर्व विधायक श्री बृजराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्री महावीर सिंह सिसौदिया एवं श्री कैलाश नारायण गुप्ता, कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री मांगीलाल फौजी, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री संजय महाना, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ शुभारंभ
जिला स्तरीय इस कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना और गीता पूजन के साथ हुई। इसके बाद विश्व गीता प्रतिष्ठान एवं गुरूकुल के सदस्यों द्वारा प्रेरणा गीत, तथा छात्रा गुनगुन शर्मा द्वारा सस्वर सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। अतिथियों ने संगठन सदस्यों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
गीता, ईश्वरवंदना और गुरु-वंदना का सस्वर पाठ
कार्यक्रम के अगले चरण में संगठन सदस्यों ने ईश वंदना, गुरुवंदना, गीता माहात्म्य तथा अंत में श्रीमद्भगवद् गीता के 15वें अध्याय का सामूहिक सस्वर पाठ किया।
अतिथियों ने गीता के महत्व पर किया संबोधन
भाजपा जिलाध्यक्ष शशांक भूषण ने कहा कि गीता जीवन का मार्ग प्रशस्त करती है और प्रतिदिन कम से कम एक श्लोक का स्मरण करना चाहिए।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कैलाश नारायण गुप्ता ने गीता को कठिनाइयों से उबरने का जीवन मंत्र बताते हुए कहा कि “भक्ति योग” के किसी एक श्लोक को भी जीवन में उतार लेने से कल्याण सुनिश्चित है।
आचार्य भरत शर्मा ने कहा कि गीता के उपदेश सदाचार और सद्विचार की प्रेरणा देते हैं और हमें नियमित गीता पाठ करना चाहिए।
अंत में हुआ गीता आरती और कृष्ण चित्र प्रदर्शनी
कार्यक्रम का समापन गीता आरती के साथ हुआ। संचालन श्री चन्द्रमोहन गौतम एवं श्रीमती स्मिता दाधिच ने किया जबकि आभार डिप्टी कलेक्टर श्री संजय जैन ने व्यक्त किया। इस दौरान श्रीकृष्ण चित्र प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही।
कराहल और विजयपुर में भी हुआ सामूहिक गीता पाठ
विकासखण्ड कराहल स्थित आदर्श एकलव्य आश्रम व विजयपुर स्थित कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भी सामूहिक गी
ता पाठ कर गीता जयंती मनाई गई।
