श्योपुर, 22 नवंबर 2025
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार त्रिस्तरीय पंचायत एवं नगरीय निकायों की फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 21 नवंबर को मतदान केन्द्रों पर मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया। इसी क्रम में शनिवार को अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय की अध्यक्षता में स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित हुई, जिसमें राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम मतदाता सूचियों की प्रतियां उपलब्ध कराई गईं।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) संजय जैन, कांग्रेस जिला अध्यक्ष मांगीलाल फौजी, भाजपा से कैलाश नारायण गुप्ता, बसपा से कांशीराम सेंगर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में जानकारी देते हुए उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय जैन ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत के अधीन वर्तमान में जिला पंचायत सदस्य (मानपुर क्षेत्र) का 01 पद, सरपंच के 02 पद (नागदा एवं बैचाई) तथा पंच के 146 पद रिक्त हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार इन रिक्त पदों पर शीघ्र ही निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
