श्योपुर, 26 अक्टूबर 2025
विश्व मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 27 अक्टूबर को कराहल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मानसिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित हो रहा है।
शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगा, जिसमें मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ और परामर्शदाता टीम द्वारा तनाव, अवसाद, चिंता, नशे की लत, नींद की समस्या, सिरदर्द, बच्चों के व्यवहार संबंधी परेशानियाँ जैसी समस्याओं पर निःशुल्क परामर्श दिया जाएगा।
इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के प्रति जागरूक करना और समय पर उपचार के लिए प्रेरित करना है। शिविर में आने वाले लाभार्थियों को निःशुल्क परामर्श, दवा वितरण और जागरूकता सत्रों का लाभ मिलेगा।
यह कार्यक्रम जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम श्योपुर के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। शिविर में मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. गायत्री मित्तल और मनकक्ष स्टाफ द्वारा स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान की जाएँगी।
