श्योपुर नगर पालिका परिषद की बैठक में पार्षद-सीएमओ आमने-सामने, पुलिस बुलाने तक की नौबत; हंगामे के बीच 16 प्रस्ताव पास
नगरपालिका या जंग का मैदान
श्योपुर, दिनांक 12/8/2025
नगर पालिका परिषद की सोमवार को हुई बैठक एजेंडे के 16 बिंदु तो बहुमत से पास हो गए, लेकिन असली ड्रामा तब शुरू हुआ, जब निर्दलीय पार्षद भूपेंद्र गर्ग ने सीएमओ राधेरमण यादव के हाथ में भगवद गीता थमाकर कमीशन न लेने की कसम खाने को कहा। गर्ग ने गंगाजल उठाने की भी चुनौती दी, जिस पर सीएमओ भड़क उठे और पार्षद पर शराब पीकर आने का आरोप लगाते हुए पुलिस बुलाने की धमकी दे डाली।
गरमा-गरम टकराव
गंगाजल उठाने की बात पर सीएमओ ने पलटकर कहा — “तुम नहीं लेते क्या?” वहीं, पार्षद ने जवाब दिया — “अगर कमीशन नहीं लेते तो गंगाजल उठाओ, एक ने भी नहीं उठाया।”
अन्य मुद्दों पर भी गरमी
बैठक में विपक्ष पक्ष के पार्षदों ने आउटसोर्स कर्मचारियों की सूची मांगी, आरोप लगाया कि तनख्वाह कई को दी जा रही है लेकिन काम पर कुछ ही दिखते हैं। आरआई मनोज सिंहल की शिकायत पर सीएमओ ने उन्हें हटाने का आश्वासन भी दिया।
विकास के प्रस्ताव भी पास
हंगामे के बावजूद बैठक में कई विकास प्रस्ताव पारित हुए—
-
नवीन नपा भवन के पास आधुनिक फायर स्टेशन
-
अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा
-
मेन बाजार जलभराव समाधान
-
सड़क चौड़ीकरण, मल्टी-लेवल पार्किंग
-
दुकानों की नीलामी
-
अवैध नल कनेक्शन वैध करना
-
अवैध वाहन पार्किंग पर जुर्माना
सीएमओ के हाथ में भगवद गीता थमाते हुए पार्षद भूपेंद्र गर्ग — “कमीशन नहीं ले रहे हैं तो कसम खाइए।”
