श्योपुर, 11 अगस्त 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिले के नागरिकों से अपील की है कि 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी लोग अपने-अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराएं। उन्होंने कहा कि यह ध्वज हमारी अस्मिता, स्वाभिमान और राष्ट्रीयता का प्रतीक है।
कलेक्टर ने झंडा संहिता के अनुसार राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आग्रह किया और नागरिकों को इसे गरिमामयी तरीके से ससम्मान फहराने के निर्देश दिए।
आम जनता के लिए झंडा लगाने के नियम
-
आम नागरिक पूरे साल किसी भी दिन तिरंगा फहरा सकते हैं।
-
झंडा कभी जमीन, पानी या फर्श को नहीं छूना चाहिए।
-
तिरंगा हमेशा ऊंचे और साफ स्थान पर लगाया जाए।
-
यदि अन्य झंडों के साथ लगाया जाए तो तिरंगा सबसे ऊपर या पहले स्थान पर होना चाहिए।
-
केसरिया रंग हमेशा ऊपर और हरी पट्टी नीचे की तरफ होनी चाहिए।
पांडोला में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन
कलेक्टर के मार्गदर्शन में जनपद पंचायत श्योपुर की ग्राम पंचायत पांडोला में हर घर तिरंगा अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।
इस अवसर पर सीईओ जनपद श्योपुर श्री एस.एस. भटनागर, सरपंच श्रीमती मेहमूद बानो, जिला समन्वयक श्री जी.एस. डोंगरे, ब्लॉक समन्वयक श्री मुकेश मीणा, एनआरएलएम ब्लॉक समन्वयक श्री जुगल सोनी, थाना प्रभारी श्री यादव, पंचायत सचिव श्री प्रमोद मावई, जीआरएस श्री सत्यनारायण सेन, प्रेरक श्री पवन सुमन, हायर सेकेंडरी स्कूल पांडोला के प्राचार्य श्री लोकेंद्र मीणा एवं स्टाफ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्व-सहायता समूह की महिलाएं एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
स्वतंत्रता दिवस पर मदिरा की दुकाने बंद रहेंगी
कलेक्टर ने 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर जिले में एक दिन का शुष्क दिवस घोषित किया है। इस दौरान सभी मदिरा की दुकानें, एफएल-3 और होटल बार बंद रहेंगे तथा मदिरा का क्रय-विक्रय पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
महाविद्यालय में मानव श्रृंखला का आयोजन
हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत पीएम एक्सीलेंस कॉलेज श्योपुर में मानव श्रृंखला बनाकर तिरंगे के गौरव और स्वतंत्रता के प्रति कर्तव्य निर्वहन का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. ओ.पी. शर्मा ने हर सप्ताह 2 घंटे स्वच्छता गतिविधि करने की शपथ दिलाई और तिरंगा उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
शासकीय आदर्श कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.डी. राठौर ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और इतिहास पर प्रकाश डाला तथा अधिक से अधिक तिरंगा सेल्फी अपलोड करने की अपील की।
बड़ौदा में भी बनी मानव श्रृंखला
शासकीय महाविद्यालय बड़ौदा में भी विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर हर घर तिरंगा अभियान का समर्थन किया। प्रभारी प्राचार्य डॉ. संजय सिंह ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, पृष्ठभूमि और सम्मानजनक फहराने की प्रक्रिया की जानकारी दी।
