श्योपुर, 11 अगस्त 2025
स्वतंत्रता दिवस के पूर्व हर घर तिरंगा अभियान के तहत 13 अगस्त को शहर में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन होगा। यह रैली सुबह 8 बजे गांधी पार्क से शुरू होकर मैन चौराहा, टोडी गणेश मंदिर, पुल दरवाजा, पटेल चौक, जय स्तंभ होते हुए पुनः गांधी पार्क में समाप्त होगी।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व हर नागरिक उमंग और उत्साह के साथ मनाए, और राष्ट्रीयता के इस उत्सव में सभी की सक्रिय भागीदारी हो।
बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष शशांक भूषण, पूर्व विधायक बृजराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य महावीर सिंह सिसौदिया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष नीरज जाट, रेडक्रॉस सचिव दिनेश दुबोलिया, डिप्टी कलेक्टर संजय जैन, बी.एस. श्रीवास्तव, नगरपालिका से आदित्य चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
अपर कलेक्टर ने अपील की कि सभी लोग 15 अगस्त को अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएं, जो हमारी अस्मिता, स्वाभिमान और राष्ट्रीयता का प्रतीक है।
विशेष आयोजन – एक शाम तिरंगे के नाम
हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत नगरपालिका श्योपुर द्वारा 12 अगस्त को रात 8 बजे श्री रामतलाई हनुमान मंदिर पर एक शाम तिरंगे के नाम कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस रैली और आयोजन में शासकीय-अशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थी, छात्रावास, खिलाड़ी, स्काउट एवं गाइड दल, बैंड और गणमान्य नागरिक शामिल रहेंगे।
