प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में हुए विविध कार्यक्रम, चित्र प्रदर्शनी और डॉक्यूमेंट्री ने बाँधा देशभक्ति का माहौल
श्योपुर, 05 अगस्त 2025
कारगिल युद्ध के वीर जवानों की शौर्यगाथा को समर्पित कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में विविध कार्यक्रमों का आयोजन कर वीरता और बलिदान को नमन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके पश्चात परिचर्चा सत्र में शहीदों के अद्भुत साहस और प्रेरणादायक प्रसंगों को साझा किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ओ.पी. शर्मा ने कैप्टन विक्रम बत्रा सहित अनेक परमवीर चक्र विजेताओं के शौर्य की गाथाएं सुनाईं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित आदर्श कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.डी. राठौर ने कहा कि “कारगिल के शहीद सैनिक हमारी प्रेरणा हैं, युवाओं को उनके बलिदान से सीख लेकर देश सेवा के लिए प्रेरित होना चाहिए।”
प्रो. विपिन बिहारी शर्मा ने कहा, “हम आज जो साँस ले रहे हैं, वह इन शहीदों के त्याग और बलिदान की बदौलत है।” वहीं डॉ. सुभाष सिंह ने कारगिल युद्ध के समय देशभर में फैली एकता और उत्साह के उदाहरण दिए और बताया कि कैसे पूरा देश एकजुट था।
राजनीति शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. रमेश भारद्वाज, जो खुद एक फौजी परिवार से हैं, ने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए कहा कि सैनिकों के साथ-साथ उनके लिए हथियार एवं उपकरण तैयार करने वाले वैज्ञानिकों को भी उतनी ही श्रद्धा से याद किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भी अपने विचार और देशभक्ति की भावना प्रकट की। प्रीति टैगोर, ताजिब अली, पवन योगी, जतिन शिवहरे जैसे छात्रों ने सैनिकों के पराक्रम पर जोशीले वक्तव्य दिए।
🎨 कार्यक्रम में भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम को चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से भी दिखाया गया, जिसे विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह से देखा।
🎶 शिवानी वाल्मीकि एवं नंदिनी जाट द्वारा प्रस्तुत राष्ट्रभक्ति गीतों ने माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
🎥 इसके अतिरिक्त कारगिल युद्ध पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और उन्होंने वीर शहीदों के प्रति गौरव और सम्मान प्रकट किया।
