श्योपुर, 04 अगस्त 2025
जब आसमान से मूसलधार बारिश थमने का नाम नहीं ले रही थी, जब सीप नदी का पानी खतरे की रेखा को पार कर शहर को डुबोने की ओर बढ़ रहा था, तब श्योपुर के कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा एक छाता लिए सड़कों पर डटे हुए थे। ना नींद की परवाह, ना आराम की चिंता – बस जनता की सुरक्षा का संकल्प और कर्तव्य की भावना।
इस मानवीय संवेदनशीलता, सजगता और कर्तव्यपरायणता को नमन करते हुए क्षत्रिय महासभा के संरक्षक भूपेन्द्र सिंह तोमर और बड़ौदा के गणमान्य नागरिकों ने कलेक्टर वर्मा को पगड़ी और माला पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जयदीप तोमर, शिवजी मारवाड़ी सहित अन्य नागरिकों ने भी अपने भाव प्रकट किए।
गत मंगलवार-बुधवार की रात जब सीप नदी उफान पर थी, शहर में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा था। उस समय कलेक्टर वर्मा न सिर्फ कंट्रोल रूम से पल-पल की स्थिति पर नजर रखे हुए थे, बल्कि खुद भारी बारिश में छाता लेकर गलियों और मोहल्लों का भ्रमण कर रहे थे। उन्होंने सूंडी, सांड, रेशम कॉलोनी जैसे प्रभावित इलाकों में रेस्क्यू अभियान चलवाया, राहत शिविर बनवाए, और हर व्यक्ति तक मदद पहुंचाई।
बड़ौदा कस्बे में जलभराव की स्थिति देखने खुद जेसीबी में बैठकर बस्तियों तक पहुंचे, सड़कों की खुदाई करवाई, पानी निकासी के इंतजाम कराए, और जनजीवन सामान्य हो – इसके लिए हर जरूरी कदम उठाया।
कलेक्टर वर्मा ने बताया कि भविष्य में बड़ौदा में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए तीन स्थानों पर हाईराइज़ पुल निर्माण का प्रस्ताव एमपीआरडीसी को भेजा गया है, जिससे स्थायी समाधान संभव हो सके।
जब शहर संकट में था, तब एक प्रशासक नहीं, एक प्रहरी बनकर उतरे कलेक्टर वर्मा – जनता ने कृतज्ञता से झुकाया सिर।
