जनसुनवाई में जरूरतमंदों को मिला संबल: बेताल, पवन और दुलारी बाई को 10-10 हजार की आर्थिक सहायता, दिव्यांग बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना का लाभ

0
59
Spread the love

श्योपुर, 10 जून 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट  अर्पित वर्मा द्वारा मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जरूरतमंदों की पीड़ा को तुरंत राहत में बदला गया। जनसुनवाई में प्राप्त 170 आवेदनों में से कई मामलों में मौके पर ही राहत प्रदान की गई। रेडक्रॉस सोसाइटी के माध्यम से तीन जरूरतमंदों—बेताल बंजारा, पवन शर्मा और दुलारी बाई—को 10-10 हजार रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता दी गई।

ग्राम अर्रोदरी निवासी बेताल बंजारा को परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण 10 हजार रुपये की सहायता दी गई। साथ ही उनके दिव्यांग पुत्र हेमराज का आधार कार्ड बनवाकर पेंशन शुरू कराने के निर्देश भी दिए गए।

इसी प्रकार बडौदिया घाट की निराश्रित महिला श्रीमती दुलारी बाई को भी 10 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा गया। महिला के घर गिर जाने की जानकारी मिलने पर तहसीलदार को आरबीसी 6-4 के तहत प्रकरण तैयार करने के निर्देश दिए गए।

मधुवन कॉलोनी निवासी  पवन शर्मा को अपने पुत्र के उपचार हेतु सहायता मिली। उन्हें 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ आयुष्मान योजना के तहत मुफ्त इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश आरबीएसके प्रभारी को दिए गए।

दिव्यांग दंपत्ति के बच्चों को मिलेगा मासिक स्पॉन्सरशिप लाभ
वार्ड नंबर 11 के दिव्यांग दंपत्ति छोटेलाल डोम के बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना में शामिल किया गया है, जिससे दोनों बच्चों को प्रतिमाह 4-4 हजार रुपये की सहायता मिलेगी। साथ ही, परिवार को बीपीएल सूची में शामिल करने, पात्रता पर्ची जारी करने और अन्य योजनाओं से जोड़ने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

कमलेश सेन को मिलेगा संबल योजना का लाभ
ग्राम सोई निवासी कमलेश सेन की पत्नी की मृत्यु पर मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के अंतर्गत दो लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है, जो शीघ्र ही उनके बैंक खाते में आएगी। साथ ही, श्री सेन को स्वरोजगार के लिए मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में आवेदन कराने के निर्देश भी दिए गए, जिससे वह दोना-पत्तल का व्यवसाय शुरू कर सकें।

अधिकारियों की उपस्थिति में हुई त्वरित कार्यवाही
जनसुनवाई कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत अतेन्द्र सिंह गुर्जर, डिप्टी कलेक्टर संजय जैन, महिला बाल विकास अधिकारी रिशु सुमन, तहसीलदार अर्जुन सिंह भदौरिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर अर्पित वर्मा द्वारा अधिकतर समस्याओं का त्वरित निराकरण करते हुए आमजन को योजनाओं का लाभ दिलाया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here