श्योपुर, 01 जून 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशन में श्योपुर जिले में विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत किसानों को गांव-गांव जाकर खेती-किसानी की उन्नत तकनीकों एवं नवाचारों से अवगत कराया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती करने के लिए प्रेरित करना और सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी देना है।
कृषि वैज्ञानिक डॉ. कायम सिंह ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के तहत कृषि विज्ञान केन्द्र बड़ौदा के वैज्ञानिकों, कृषि, पशुपालन, मत्स्य, उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों तथा प्रगतिशील किसानों व एफपीओ प्रतिनिधियों की टीम ने विकासखण्ड श्योपुर के ग्राम माखनखेड़ी, दलारनाकलां एवं बड़ौदाराम में पहुंचकर 348 किसानों को जानकारी दी।
टीम ने किसानों को मध्यप्रदेश शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं, कृषि की उन्नत तकनीकों, फसल विविधिकरण, प्राकृतिक खेती, संतुलित रासायनिक खाद के उपयोग, नरवाई न जलाने जैसे विषयों पर विस्तार से समझाया। साथ ही ज्वार, बाजरा, मक्का, तिल जैसी फसलों के वैज्ञानिक उत्पादन के तरीके भी बताए गए।
विकासखण्ड कराहल की टीम ने ग्राम कालीतलाई कलमी एवं ककरधा में 114 किसानों को जानकारी प्रदान की, जबकि विजयपुर विकासखण्ड की टीम ने ग्राम अगरा, पैरा पालपुर एवं शाहपुरा में 177 किसानों से संवाद किया।
02 जून को इन गांवों में पहुंचेगी टीमें
अभियान की आगामी कड़ी में सोमवार, 02 जून को श्योपुर विकासखण्ड की टीम ग्राम जावदेश्वर, जैनी एवं मानपुर में किसानों से मिलेगी। कराहल विकासखण्ड की टीम गोरस, पिपरानी एवं कर्राई का भ्रमण करेगी। विजयपुर विकासखण्ड की टीम इकलौद, लाडपुरा एवं लोहसगानी में खेती की नवीन तकनीक और उन्नत फसलों की जानकारी प्रदान करेगी।
इस अभियान से किसानों में खेती के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और वे पारंपरिक खेती के साथ-साथ आधुनिक कृषि तकनीकों को भी अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।