समाज की आवाज और लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है मीडिया, कमियों को सामने लाएं पत्रकार ताकि सुधरे व्यवस्था: कलेक्टर दाहिमा

0
3
श्योपुर में मीडिया संवाद कार्यक्रम को संबोधित करतीं कलेक्टर शीला दाहिमा
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मीडिया संवाद कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर शीला दाहिमा और उपस्थित अधिकारी।
Spread the love

एसपी मोती उर रहमान बोले—समाज को सही दिशा देने में मीडिया की अहम भूमिका, त्योहारों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मांगा सहयोग

श्योपुर, 5 नवंबर 2026  

समाज में मीडिया की भूमिका केवल खबरें प्रकाशित और प्रसारित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनसमस्याओं को सामने लाने, शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में भी मीडिया की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। यह बात कलेक्टर शीला दाहिमा ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।

कलेक्टर दाहिमा ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। इंटरनेट के इस दौर में मीडिया की पहुंच आम आदमी तक हो गई है और सूचनाओं को लोगों तक पहुंचाना पहले की तुलना में अधिक आसान हुआ है। शासन की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने में मीडिया सकारात्मक भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि श्योपुर जिले में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों का प्रशासन को लगातार सहयोग मिल रहा है।

कमियों को सामने लाएं, सुधारात्मक कदम उठाएंगे

कलेक्टर ने मीडिया प्रतिनिधियों से कहा कि जिले में जहां भी कोई कमी या समस्या दिखाई दे, उसे प्रशासन के संज्ञान में लाया जाए, ताकि समय रहते सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें। उन्होंने मीडिया से जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और शासन की योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने में सहयोग जारी रखने की अपेक्षा की।

इस अवसर पर कलेक्टर ने सभी मीडिया प्रतिनिधियों को दीपावली पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जिले में संचालित ‘पोषण जोड़ो-पुड़िया छोड़ो’ अभियान, बाल विवाह के प्रति जागरूकता, सेवा संकल्प के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों और ‘क्रिएटिव श्योपुर’ की गतिविधियों को बेहतर कवरेज देने के लिए मीडिया का आभार जताया।

मिट्टी के दीयों से तैयार हो रहीं आकर्षक कलाकृतियां

कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए बताया कि कार्यक्रम में उपयोग किए गए मिट्टी के दीयों का पुनः उपयोग कर आकर्षक कलाकृतियां और सजावटी वस्तुएं तैयार करने की पहल की गई है। स्कूली बच्चों और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ी महिलाओं ने इन दीयों के माध्यम से विभिन्न सजावटी वस्तुएं और कलाकृतियां बनाई हैं। कार्यक्रम के दौरान इन रचनात्मक कार्यों की जानकारी दी गई तथा तैयार कलाकृतियों को लेकर प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया गया।

मीडिया समाज को दिशा देने का कार्य करती है: एसपी

पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान ने कहा कि मीडिया समाज को दिशा देने का कार्य करती है। उन्होंने दीपावली सहित आगामी त्योहारों के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में मीडिया से सहयोग की अपेक्षा की। एसपी ने कहा कि त्योहारों के समय सकारात्मक और जिम्मेदार सूचना प्रसारण से सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखने में मदद मिल सकती है। उन्होंने भी सभी को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

स्थानीय उत्पादों और मिट्टी के दीयों को बढ़ावा देने की अपील

एसपी ने ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि दीपावली के अवसर पर अधिक से अधिक स्थानीय उत्पादों की खरीदारी को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से मिट्टी के दीये खरीदने और स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका को भी प्रोत्साहन मिल सके।

विकास से जुड़े मुद्दों पर मीडिया ने दिए सुझाव

मीडिया संवाद कार्यक्रम के दौरान प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों ने जिले के विकास से संबंधित उपयोगी सुझाव रखे। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय, एडिशनल एसपी प्रवीण भूरिया, एसडीएम गगन सिंह मीणा, डिप्टी कलेक्टर बीएस श्रीवास्तव और शिवलाल शाक्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में प्रशासन और मीडिया के बीच संवाद, जनसमस्याओं को सामने लाने तथा जिले के विकास कार्यों में आपसी सहयोग को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here