दिनांक 15 जुलाई 26
श्योपुर। गौ रक्षा महासंघ की जिला स्तरीय बैठक में गौ सम्मान आव्हान अभियान को व्यापक समर्थन देने का निर्णय लिया गया। बैठक में देशभर में संचालित गौ संरक्षण अभियान को तेज करने, गौ तस्करी पर सख्त कार्रवाई, गौचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा गौ माता को मध्य प्रदेश में राज्य माता और केंद्र सरकार से राष्ट्र गौरव का सम्मान देने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। #Sheopur
बैठक का आयोजन प्रदेश अध्यक्ष नीरज जैन एवं मध्य प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह पंवार के निर्देश पर जिला अध्यक्ष मुकेश मोहन शास्त्री के नेतृत्व में किया गया। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि देशभर में संचालित कत्लखानों पर रोक लगाने, गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा गौ तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। साथ ही श्योपुर सहित पूरे मध्य प्रदेश में गौचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग भी दोहराई गई।
बैठक के दौरान संगठन की नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा भी की गई। इसमें श्यामसुंदर गौतम को उपाध्यक्ष, मुकट धाकड़ को कोषाध्यक्ष तथा बलराम गौतम को जिला मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।
संगठन ने प्रत्येक विधानसभा स्तर तक संगठन विस्तार करने, गौ तस्करी मुक्त जिला बनाने और आगामी 27 जुलाई से पहले देशव्यापी ज्ञापन अभियान को गति देने का निर्णय लिया। बैठक में बताया गया कि पूरे देश में 15 करोड़ ज्ञापनों का लक्ष्य रखा गया है, जिसे जनसहभागिता के माध्यम से पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। #GaucharLand
बैठक में जिले में निराश्रित गौवंश की बेहतर व्यवस्था, गौशालाओं को मजबूत करने तथा गौ संरक्षण के लिए समाज की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन केवल मांग तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि गौ सेवा और संरक्षण के लिए जमीनी स्तर पर भी कार्य करेगा।
