48 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा: दोस्त ही निकला कातिल, शराब के नशे में पुल से धक्का देकर उतारा मौत के घाट
श्योपुर, 09 मार्च 2026
श्योपुर जिले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर अंधे कत्ल का सनसनीखेज खुलासा कर दिया। मामले में चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि दोस्त ही दोस्त का कातिल निकला। शराब के नशे में मोटरसाइकिल मांगने को लेकर हुए झगड़े के बाद आरोपी ने अपने ही साथी को कूनो नदी के पुल से धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बजाज पल्सर 150 सीसी मोटरसाइकिल और मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।
पुल के नीचे मिला था युवक का शव
घटना 06 मार्च 2026 की है, जब थाना सेसईपुरा पुलिस को सूचना मिली कि कूनो नदी के पुल के नीचे एक युवक का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और शव की पहचान सूरज पुत्र मनी आदिवासी (19 वर्ष) निवासी ग्राम मोरावन के रूप में हुई।
मामले में थाना सेसईपुरा में मर्ग क्रमांक 02/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। प्रारंभिक तौर पर मामला पुल से गिरने का प्रतीत हुआ, लेकिन परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और गवाहों के आधार पर जांच तेज कर दी।
शराब के दौरान हुआ विवाद, फिर धक्का
जांच में सामने आया कि 05 मार्च 2026 को आरोपी अनिल पुत्र बृजलाल आदिवासी (22 वर्ष) अपने दोस्त सूरज को मोटरसाइकिल पर बैठाकर मोरावन से विलौआ ले गया। वहां दोनों ने शराब खरीदी और लौटकर कूनो नदी के पुल पर बैठकर शराब पीने लगे।
इसी दौरान सूरज ने पकौड़ी लाने के लिए आरोपी से मोटरसाइकिल मांगी। आरोपी ने इंकार किया तो दोनों के बीच बहस और गाली-गलौज हो गई। गुस्से में सूरज ने आरोपी की गर्दन पकड़ ली, जिससे आवेश में आकर अनिल ने सूरज को पुल की रेलिंग से करीब 60 फीट नीचे धक्का दे दिया।
पत्थरों पर गिरने से सूरज की मौके पर ही मौत हो गई।
मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार अग्रवाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण भूरिया की मॉनिटरिंग में आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की गई।
09 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी मोरावन गांव के भूमिया बाबा मंदिर परिसर में बैठा है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय श्योपुर में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सेसईपुरा जैनेशपाल सिंह जादौन, दयाकिशन वाथम, विजय यादव, शादाब मोहम्मद, धीरज कोली, हरिओम रावत, राजबल्लभ यादव और साइबर सेल टीम की अहम भूमिका रही।
Sheopur Murder Case, Kuno River Bridge Murder, Friend Killed Friend Sheopur, SesaiPura Police Murder Case, MP Crime News Sheopur
#SheopurCrime #KunoRiver #MurderCase #SesaiPuraPolice #MPNews #CrimeNews #CrimeNationalNews
