श्योपुर, 22 जनवरी 2026
गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य समारोह वीर सावरकर स्टेडियम में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा प्रातः 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
मुख्य समारोह की तैयारियों को लेकर पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल एवं अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय ने आज स्टेडियम पहुंचकर व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, बैठक व्यवस्था, मंच की साज-सज्जा, साउंड सिस्टम एवं ग्राउंड की समग्र सजावट का बारीकी से जायजा लिया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण भूरिया, एसडीएम गगन सिंह मीणा, डिप्टी कलेक्टर संजय जैन एवं विजय शाक्य, एसडीओपी राजीव गुप्ता, तहसीलदार मनीषा मिश्रा सहित नगरपालिका, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक एवं अपर कलेक्टर ने संबंधित विभागों को समय-सीमा में सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि गणतंत्र दिवस समारोह गरिमामय, अनुशासित एवं भव्य रूप में संपन्न हो सके।
