स्वामी विवेकानंद जयंती सप्ताह में गूंजे राष्ट्र निर्माण के विचार
श्योपुर, 17 जनवरी 2026
स्वामी विवेकानंद जयंती सप्ताह के अवसर पर ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान के अंतर्गत विकासखंड श्योपुर में भव्य विकासखंड स्तरीय सम्मेलन एवं व्याख्यान माला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा पीएमश्री अग्रणी महाविद्यालय श्योपुर में किया गया।
यह आयोजन कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन तथा सीईओ जिला पंचायत सुश्री सौम्या आनंद के निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। मंच पर प्राचार्य डॉ. ओपी शर्मा, सीईओ जनपद एस.एस. भटनागर, सहायक संचालक महिला बाल विकास रिशु सुमन एवं जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक श्रीमती नेहा सिंह उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर जिला समन्वयक श्रीमती नेहा सिंह ने बताया कि जन अभियान परिषद द्वारा 12 जनवरी से 26 जनवरी तक जिला, विकासखंड एवं ग्राम स्तर पर ग्राम उत्सव और ग्रामोदय अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य जनसहभागिता के माध्यम से विकास को गति देना है।
सीईओ जनपद एस.एस. भटनागर ने ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान के अंतर्गत संचालित शासकीय योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र एवं वंचित परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास रिशु सुमन ने लाड़ली बहना योजना एवं लाड़ली लक्ष्मी योजना के लाभों से उपस्थित जनों को अवगत कराया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. ओपी शर्मा ने कहा कि “स्वामी विवेकानंद का जीवन असीम सकारात्मक ऊर्जा से भरा था। वे आज भी युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं। यदि युवा उनके आदर्शों को आत्मसात करें तो समाज और राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सकता है।”
कार्यक्रम में कॉलेज प्राध्यापक, नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि, प्रस्फुटन समिति सदस्य, सीएमसीएलडीपी परामर्शदाता, एनएसएस स्वयंसेवक, छात्र-छात्राएं एवं समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन विप्लव शर्मा द्वारा किया गया।
