पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय में पौधरोपण: करंज, नीम, शीशम के पौधे रोपे वनमंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महाअभियान का आयोजन

0
52
Spread the love


श्योपुर, 5 जून 2025

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महाअभियान की शुरुआत गुरुवार को पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय श्योपुर में की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय सांसद शिवमंगल सिंह तोमर द्वारा पौधरोपण कर किया गया। इस अभियान के अंतर्गत करंज, नीम, शीशम जैसे बहुउपयोगी और पर्यावरण हितैषी पौधे लगाए गए।

यह महाअभियान सामान्य वन मंडल श्योपुर के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों से लेकर अधिकारीगण और विद्यालय परिवार ने भाग लिया।

इस मौके पर सहरिया विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त  सीताराम आदिवासी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गुड्डी बाई आदिवासी, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रेणु सुजीत गर्ग, पूर्व विधायक  दुर्गालाल विजय, भाजपा जिलाध्यक्ष  शंशाक भूषण सहित अनेक गणमान्य नागरिक, पार्षद एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

जिला कलेक्टर अर्पित वर्मा, न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव श्रीमती वर्षा रघुवंशी मजूमदार, डीएफओ  केएस रंधा, एसडीओ  संजीव कुमार, रेंजर  अजय कुमार वाजपेयी सहित वन विभाग के अधिकारी एवं पीएमश्री विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।

सांसद  शिवमंगल सिंह तोमर ने इस अवसर पर कहा कि “इस वर्ष वन विभाग द्वारा बड़े स्तर पर फलदार व औषधीय पौधों का रोपण किया जाएगा। पर्यावरण की रक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है और इसके लिए प्रत्येक नागरिक को अपने घर में भी कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।”

डीएफओ  केएस रंधा ने बताया कि इस वर्ष सामान्य वन मंडल द्वारा 10 लाख से अधिक पौधों के रोपण का लक्ष्य रखा गया है। इनमें आंवला, हर्रा, बेहड़ा, अर्जुन, महुआ, सागौन, शीशम सहित औषधीय व इमारती पौधे शामिल हैं। साथ ही कई स्थानों पर बांस के पौधे भी लगाए जाएंगे।

वृक्षमित्र जयराम मीणा का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान जिले में वृक्षारोपण के प्रति समर्पित सेवा के लिए वृक्षमित्र जयराम मीणा को सांसद  शिवमंगल सिंह तोमर एवं अतिथियों द्वारा शॉल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि मीणा को राज्य स्तरीय “अमृता देवी विश्नोई पर्यावरण पुरस्कार” से भी नवाजा जा चुका है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here