कलेक्टर ने दिखाई सहृदयता, सहायता राशि दी, एम्बुलेस बुलाकर उपचार के लिए भेजा दिव्यांग बृजमोहन को मिली ट्राईसिकल, गायत्री को मिलेगा संबल का लाभ जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित

0
128
Spread the love

श्योपुर, 25 फरवरी 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई के दौरान सहृदयता दिखाते हुए जनसुनवाई में आये बुजुर्ग दंपत्ति को न केवल रेडक्रॉस के माध्यम से दो हजार रूपये की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की गई, बल्कि बीमार पति श्री नरसिंह महावर निवासी तलावदा को एम्बुलेस बुलाकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। साथ ही सिविल सर्जन डॉ आरबी गोयल को निर्देश दिये कि उपचार की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायें। बुजुर्ग महिला श्रीमती कैलाशी बाई अपने बीमार पति के साथ सहायता के लिए आज जनसुनवाई पहुंची थी। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई के दौरान कुल 138 आवेदन प्राप्त हुए।
दिव्यांग बृजमोहन को मिली ट्राईसिकल
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट  अर्पित वर्मा ने जनसुनवाई के दौरान ग्राम आवदा निवासी दिव्यांग श्री बृजमोहन आदिवासी पुत्र  जगन आदिवासी को सामाजिक न्याय विभाग के माध्यम से ट्राइसिकल प्रदान की गई। जनसुनवाई में आये श्री बृजमोहन ने बताया कि समाजिक सुरक्षा के तहत पेंशन का लाभ तो मिल रहा है, लेकिन आने जाने के लिए ट्राईसिकल मिल जाने से सुविधा होगी। इस पर तत्काल कार्यवाही करते हुए ट्राईसिकल प्रदान की गई। इसके साथ ही ग्राम लहचौडा निवासी दिव्यांग संजू जाटव का नाम बीपीएल सूची में शामिल करने के निर्देश एसडीएम  मनोज गढवाल को दिये गये।
गायत्री को मिलेगा संबल का लाभ
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना अंतर्गत अनुग्रह राशि की मांग के आवेदन का निराकरण करते हुए श्रीमती गायत्री बाई निवासी सलमान्या को अवगत कराया कि प्रकरण में ईपीओ जारी हो चुका है तथा शीघ्र ही बैंक खाते के माध्यम से दो लाख रूपये की राशि प्राप्त होगी। श्रीमती गायत्री बाई द्वारा आवेदन प्रस्तुत कर अपने पति स्व. श्री बाबूलाल बैरवा की बीमारी से मृत्यु हो जाने के चलते अनुग्रह राशि दिये जाने की मांग की गई थी।
आवास की किस्त के लिए पोर्टल से खाते का सत्यापन करने के निर्देश
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने ग्राम कोटरा निवासी श्रीमती सपना आदिवासी के आवास की किस्त नही मिलने के संबंध में प्राप्त आवेदन का मौके पर ही निरारकण करते हुए जिला पंचायत में आवास प्रभारी श्रीमती सारिका पाटीदार को निर्देश दिये कि बैंक खाते का सत्यापन पीएफएमएस पोर्टल के माध्यम से किया जायें। महिला ने अवगत कराया था कि पीएम जनमन योजना के तहत आवास स्वीकृत हुआ है, लेकिन खाते में किस्त नही आई है। मामले की समीक्षा में पाया गया कि डीबीटी न होने से भुगतान रिजेक्ट हो गया। इसलिए खाते में किस्त नही पहुंची। इस पर पीएफएमएस पोर्टल से खाते का सत्यापन कर राशि जारी करने के निर्देश दिये गये। इसी प्रकार ग्राम बर्धाखुर्द निवासी श्रीमती सजनी आदिवासी को जीयो टेगिंग कर आवास की दूसरी किस्त प्रदान करने के निर्देश भी दिये गये।
कैंसर पीडित की कीमियो के लिए मांग पत्र भेजने के निर्देश
कलेक्टर  अर्पित वर्मा ने जनसुनवाई के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि कैंसर पीडित रोगी की कीमियोथैरेपी के लिए निशुल्क दवा वितरण प्रणाली के तहत इजेक्शन उपलब्ध कराने के लिए डीपो को पत्र भेजा जायें तथा समन्वय कर इजेक्शन उपलब्ध कराये जायें। ग्राम बगडूआ निवासी  कैंसर पीडित रोगी  रामभरत बैरवा के परिजन द्वारा जनसुनवाई में अवगत कराया गया था कि कीमियो में लगने वाले इजेक्शन मंहगे होने के कारण परेशानी का सामना करना पड रहा है। इसके साथ ही उन्होने परिजनो को समझाइश भी दी कि मुरैना में 26 मार्च से 2 अप्रैल तक आयोजित हो रहे विशाल स्वास्थ्य शिविर में संबंधित रोगी को उपचार के लिए पंजीयन कराया जाये। उन्होने अधिकारियों को उक्त रोगी को पंजीयन करने तथा मुरैना शिविर में भेजने के निर्देश भी दिये। इसी प्रकार एक अन्य कैंसर पीडित रोगी  जगदीश आदिवासी निवासी मयापुर को भी मुरैना शिविर के लिए पंजीकृत करते हुए शिविर में उपचार हेतु भेजने हेतु निर्देश दिये गये।
जनसुनवाई के दौरान सीईओ जिला पंचायत अतेन्द्र सिंह गुर्जर, एसडीएम मनोज गढवाल, डिप्टी कलेक्टर  वायएस तोमर, विजय शाक्य, महिला बाल विकास अधिकारी ओपी पाण्डेय, सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण लालजीराम मीणा सहित विभिन्न विभागो के अधिकारी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here