प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला ने सेवा-संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की, श्योपुर-विजयपुर में रक्तदान शिविर और ‘युवा है वायु’ कार्यक्रम भी होगा
श्योपुर, 15 सितंबर 2026 CrimeNationalNews
सेवा-संकल्प अभियान के तहत श्योपुर में 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा। सीप नदी के पंडित घाट पर 21 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ ही जिले के प्रमुख नदी घाटों, सार्वजनिक स्थलों, ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों और शासकीय भवनों पर भी दीप प्रज्ज्वलन एवं रोशनी की जाएगी।

नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला ने मंगलवार को वर्चुअल माध्यम से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सेवा-संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा-संकल्प अभियान के सभी कार्यक्रम जनभागीदारी के साथ भव्य और गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित किए जाएं।
उन्होंने ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में केंद्र एवं प्रदेश की कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से अपने-अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित करने की अपील की। साथ ही सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों और नदी घाटों पर भी दीप जलाने तथा सामाजिक संस्थाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सेवासंकल्पअभियान
पंडित घाट पर 21 हजार दीप, प्रमुख घाट भी होंगे रोशन
कलेक्टर शीला दाहिमा ने बताया कि सेवा-संकल्प अभियान का पहला प्रमुख कार्यक्रम 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ के रूप में आयोजित होगा। इसका मुख्य आयोजन सीप नदी के पंडित घाट पर होगा, जहां 21 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
इसके अलावा सोहन घाट, जती घाट, गिर्राज घाट और संत रविदास चौक घाट पर भी बड़े स्तर पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राकेश शुक्ला
जिले के प्रमुख ऐतिहासिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्ज्वलन और रोशनी की जाएगी। इनमें श्री रामेश्वर त्रिवेणी धाम, कूनो नेशनल पार्क का टिकटोली गेट, श्योपुर एवं विजयपुर के किले, मानपुर एवं ढोढर की गढ़ी, आवदा डैम, चंद्रसागर तालाब बड़ौदा, जयस्तंभ, गुलंबर, बंजारा डैम और नव निर्मित वीरपुर रेलवे स्टेशन सहित अन्य प्रमुख स्थल शामिल हैं।
श्योपुर और विजयपुर में विशाल रक्तदान शिविर
सेवा-संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को सुबह 10 बजे से जिला अस्पताल श्योपुर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विजयपुर में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने युवाओं, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर अभियान में सहभागी बनने की अपील की है। #SheopurNews
‘युवा है वायु’ में युवाओं से होगा सीधा संवाद
क्रिएटिव श्योपुर पहल के तहत सामाजिक, सांस्कृतिक, रचनात्मक एवं प्रेरणादायी गतिविधियों की श्रृंखला में ‘युवा है वायु-यूथ इंटरेक्शन सेशन’ का आयोजन भी 17 सितंबर को किया जाएगा।
कार्यक्रम पीएमश्री एक्सीलेंस कॉलेज श्योपुर में दोपहर 1 बजे से आयोजित होगा। इसमें युवाओं के साथ संवाद और उनके विचारों को मंच देने पर जोर रहेगा। #श्योपुर
सेवा-संकल्प अभियान में कई गतिविधियां
प्रभारी मंत्री ने अभियान के तहत होने वाली विभिन्न गतिविधियों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अभियान में ‘मेरे सपनों का भारत’ के तहत चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत नुक्कड़ नाटक, सभी आंगनवाड़ियों में ‘आंगन मिलन सेवा’ तथा ‘सेवा की कहानी’ जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी।
7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ भी आयोजित की जाएगी। वहीं बड़नगर (गुजरात)-वाराणसी सेवा यात्रा 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगी। इसके अंतर्गत जिले में आयोजित होने वाली उपयात्रा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु’, ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विकासखंड स्तर एवं नगरीय निकायों में जोनवार शिविर भी लगाए जाएंगे। रक्तदानशिविर
तैयारियों को अंतिम रूप
कलेक्टर शीला दाहिमा ने कहा कि सेवा-संकल्प अभियान के तहत सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रमों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, वन विकास निगम अध्यक्ष रामनिवास रावत, सहरिया विकास प्राधिकरण अध्यक्ष गुड्डी बाई आदिवासी, जिला पंचायत अध्यक्ष गुड्डी बाई आदिवासी, भाजपा जिला अध्यक्ष शशांक भूषण, पूर्व विधायक दुर्गालाल विजय, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक गर्ग एवं गोपाल आचार्य सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी वर्चुअल तथा प्रत्यक्ष रूप से शामिल हुए। #mpnews
