मेरा युवा भारत केन्द्र की प्रेस वार्ता में विकसित भारत युवा संवाद-2027 और क्विज को लेकर दी जानकारी
श्योपुर, 14 सितंबर 2026। CrimeNationalNews
शहर के शिवपुरी रोड स्थित नेरोगेज होटल में सोमवार दोपहर मेरा युवा भारत केन्द्र की जिला युवा अधिकारी विनीता चौधरी द्वारा प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में विकसित भारत 2047 के विजन, 30वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव-विकसित भारत युवा संवाद-2027 तथा युवाओं की सहभागिता को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इस दौरान प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
विनीता चौधरी ने कहा कि भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की परिकल्पना को साकार करने में देश के युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। युवाओं की प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता, नवाचार और रचनात्मक सोच को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
15 से 29 वर्ष के युवा ले सकेंगे भाग
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय युवा महोत्सव का आयोजन वर्ष 1995 से प्रत्येक वर्ष 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर किया जाता रहा है। यह महोत्सव देश के विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक परिवेश से आने वाले युवाओं को एक मंच प्रदान करता है तथा राष्ट्रीय एकता, युवा सशक्तिकरण और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम रहा है।
वर्ष 2025 में प्रधानमंत्री के विकसित भारत 2047 के विजन के अनुरूप राष्ट्रीय युवा महोत्सव का पुनर्गठन विकसित भारत युवा संवाद के रूप में किया गया। इसी क्रम में 30वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव-विकसित भारत युवा संवाद-2027 का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय रूप से सहभागी बनाने के साथ नेतृत्व, नवाचार और रचनात्मक चिंतन को प्रोत्साहित किया जाएगा।
पांच चरणों में होगी विकसित भारत चुनौती
विनीता चौधरी ने बताया कि विकसित भारत क्विज का आयोजन माय भारत पोर्टल के माध्यम से किया जा रहा है। यह क्विज 22 भाषाओं में आयोजित की जा रही है, जिससे देशभर के अधिक से अधिक युवा इसमें भाग ले सकें।
विकसित भारत चुनौती ट्रैक को पांच चरणों में पूरा किया जाएगा—
पहला चरण – क्विज: 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक
दूसरा चरण – निबंध: 5 अक्टूबर से 9 अक्टूबर 2026 तक
तीसरा चरण – जिला चैंपियनशिप प्रस्तुतिकरण: 10 से 16 नवंबर 2026 तक
चौथा चरण – राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संवाद प्रस्तुतिकरण: 17 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक
पांचवां चरण – राष्ट्रीय संवाद: 10 जनवरी से 12 जनवरी 2027 तक
प्रेस वार्ता में जारी किया क्विज का QR कोड
प्रेस वार्ता के दौरान जिला युवा अधिकारी विनीता चौधरी ने विकसित भारत क्विज का QR कोड भी जारी किया। उन्होंने जिले के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में क्विज में भाग लेने तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की। विकसितभारत2047
उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल भविष्य की शक्ति के रूप में नहीं, बल्कि वर्तमान में राष्ट्र निर्माण के सक्रिय भागीदार के रूप में आगे आना होगा। युवा अपनी प्रतिभा और विचारों के माध्यम से देश को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
प्रेस वार्ता में जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा युवाओं तक इसकी जानकारी पहुंचाने में सहयोग का भरोसा दिलाया।
