रायपुरा जनसंवाद शिविर में बवाल: भाजपाइयों के सम्मान पर भड़कीं जनपद अध्यक्ष, बोलीं- अफसरी नहीं कर सकते तो चूड़ियां पहन लो

0
2
Spread the love

 

श्योपुर, 29 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शनिवार को रायपुरा में आयोजित जनसंवाद शिविर उस समय विवादों में आ गया, जब भाजपा नेताओं के पहुंचने पर अधिकारियों के कुर्सी से खड़े होने को लेकर जनपद पंचायत श्योपुर अध्यक्ष रीना मीणा ने कड़ी नाराजगी जताई।

शिविर के बाद मीडिया से बातचीत में रीना मीणा ने अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जनसंवाद शिविर जनता की समस्याओं के समाधान के लिए हैं, लेकिन सत्ताधारी दल के नेता पहुंचते ही अधिकारियों द्वारा कुर्सी छोड़कर खड़े होना उचित नहीं है। उन्होंने यहां तक कहा कि “अफसरी नहीं कर सकते तो चूड़ियां पहन लो।” उनका यह बयान सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने किया पलटवार

जनपद अध्यक्ष के बयान पर भाजपा जिलाध्यक्ष शशांक भूषण ने पलटवार करते हुए कहा कि जनसंवाद शिविर में सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देना गलत नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नाते जनपद अध्यक्ष अपना विरोध दर्ज करा सकती हैं, लेकिन सार्वजनिक मंच पर भाषा की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है।

शिविर में 22 आवेदन, सात दिन में निराकरण के निर्देश

रायपुरा में आयोजित जनसंवाद शिविर में जिला पंचायत सीईओ कार्तिकय जायसवाल और अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। शिविर में ग्रामीणों की ओर से कुल 22 आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवेदनों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में करने के निर्देश दिए।

जाटखेड़ा में स्कूल-आंगनबाड़ी के रास्ते पर अतिक्रमण की शिकायत

शिविर में ग्राम पंचायत जाटखेड़ा के ग्रामीण और बच्चे स्कूल तथा आंगनबाड़ी केंद्र जाने वाले रास्ते पर अतिक्रमण और रास्ते में रुकावट की शिकायत लेकर पहुंचे। ग्रामीणों का कहना था कि रास्ता बाधित होने के कारण बच्चों को आवागमन में परेशानी हो रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम श्योपुर गगन मीणा ने राजस्व अमले और पुलिस टीम को मौके पर भेजकर रास्ते की स्थिति देखने तथा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों की तत्परता से मामले को शिविर में ही प्राथमिकता से लिया गया।

जनपद अध्यक्ष का आरोप- राजनीतिक हस्तक्षेप से प्रभावित होता है समाधान

रीना मीणा ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल के नेता ऐसे जनसंवाद शिविरों में पहुंचकर अधिकारियों के साथ राजनीतिक गतिविधियों को बढ़ावा देते हैं, जिससे आम लोगों की समस्याओं के समाधान पर असर पड़ता है। उन्होंने अधिकारियों से पद की गरिमा बनाए रखने और निष्पक्ष तरीके से जनता की समस्याओं का निराकरण करने की बात कही।

भाजपा जिलाध्यक्ष बोले- उपलब्धियां बताना गलत नहीं

भाजपा जिलाध्यक्ष शशांक भूषण ने कहा कि जनसंवाद शिविर में सरकार की उपलब्धियां और योजनाएं बताना गलत नहीं है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन भाषा मर्यादित हो तो बेहतर रहेगा।

अपर कलेक्टर बोले- शिविर के बाद दिया होगा बयान

अपर कलेक्टर श्योपुर रूपेश उपाध्याय ने कहा कि जनसंवाद शिविर के दौरान ऐसी कोई घटना नहीं हुई। यदि जनपद अध्यक्ष ने शिविर समाप्त होने के बाद कोई बयान दिया है तो वह राजनीतिक मामला है और उसका प्रशासन से कोई संबंध नहीं है।

#श्योपुर #रायपुरा #जनसंवादशिविर #मुख्यमंत्रीजनविश्वासअभियान #रीना_मीणा #शशांक_भूषण #भाजपा #श्योपुरसमाचार #CrimeNationalNews

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here