श्योपुर, 13 जनवरी 2026
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई एवं जल सुनवाई कार्यक्रम में आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। जनसुनवाई के दौरान शासन की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को तत्काल लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर उपचार सहायता के लिए रेडक्रॉस फंड से 5 हितग्राहियों को कुल 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद भी प्रदान की गई।
जनसुनवाई में कुल 174 आवेदन प्राप्त हुए। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ सौम्या आनंद, अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय, एसडीएम गगन सिंह मीणा, डिप्टी कलेक्टर संजय जैन एवं विजय शाक्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जल सुनवाई में पेयजल पर सख्त निर्देश
जल सुनवाई के दौरान कलेक्टर अर्पित वर्मा ने कार्यपालन यंत्री पीएचई, जनपद सीईओ एवं सीएमओ को निर्देशित किया कि पेयजल स्त्रोतों पर सतत निगरानी रखी जाए और आमजन को शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
निराश्रित बच्चों के लिए गार्जियन नियुक्ति के निर्देश
गांधी नगर श्योपुर निवासी निराश्रित भाई-बहन के मामले में महिला एवं बाल विकास विभाग को कानूनी गार्जियन नियुक्त करने के निर्देश दिए गए। बच्चों ने बताया कि उनकी माता के नाम सेंट्रल बैंक शाखा श्योपुर में एक खाता है, जिसमें एक लाख रुपये जमा हैं। माता-पिता दोनों की मृत्यु हो चुकी है, इस कारण बैंक राशि देने में असमर्थ है।
कलेक्टर ने मौके पर ही बैंक मैनेजर को बुलाकर राशि बच्चों के नाम ट्रांसफर करने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल विकास अधिकारी महेंद्र कुमार अम्ब ने बताया कि बाल संरक्षण समिति के माध्यम से गार्जियन नियुक्ति की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण की जाएगी।
बबलू आदिवासी को 2 लाख की अनुग्रह सहायता
ग्राम राडेप निवासी बबलू आदिवासी को मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के तहत पत्नी की सामान्य मृत्यु पर 2 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता स्वीकृत की गई है। ईपीओ जारी हो चुका है और शीघ्र ही राशि बैंक खाते में प्राप्त होगी।
रेडक्रॉस से 5 हितग्राहियों को आर्थिक संबल
जनसुनवाई के दौरान रेडक्रॉस के माध्यम से जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता दी गई—
-
अम्बेडकर बस्ती श्योपुर निवासी रामकेश बैरवा को मानसिक रूप से बीमार पुत्री के उपचार हेतु 10 हजार रुपये।
-
ग्राम जैदा निवासी कमलकिशोर जाटव को छत से गिरने के कारण मजदूरी न कर पाने की स्थिति में 10 हजार रुपये।
-
किला श्योपुर निवासी मोहम्मद हबीब को पंचर सुधार का सामान जल जाने से रोजगार पुनः शुरू करने हेतु 10 हजार रुपये।
-
ग्राम कैलोर निवासी सुनीता (पत्नी स्व. सुरेश आदिवासी) को पति की मृत्यु के बाद आर्थिक संकट से उबरने के लिए 10 हजार रुपये।
इसके अतिरिक्त—
-
ग्राम दांतरदा कलां निवासी अकरम को 4 माह की पुत्री अशरा के उपचार फॉलोअप हेतु मुंबई जाने के लिए 5 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया।
-
ग्राम नागदा निवासी गोकुल सुमन को मुंह के कैंसर के उपचार हेतु जयपुर जाने के लिए 5 हजार रुपये दिए गए। साथ ही निःशुल्क उपचार के लिए बीपीएल कार्ड बनवाने के निर्देश तहसीलदार मनीषा मिश्रा को दिए गए।
जनसुनवाई में संवेदनशील प्रशासन की झलक
जनसुनवाई में समस्याओं का त्वरित निराकरण और जरूरतमंदों को तत्काल राहत प्रदान कर प्रशासन ने संवेदनशील एवं सक्रिय शासन की मिसाल पेश की।
