ग्राम पंचायत मठेपुरा को सौंपी गई 0.585 हेक्टेयर जमीन
श्योपुर, 03 जनवरी 2026
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार राजस्व अमले ने खातौली तिराहे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाकर शासकीय भूमि को मुक्त कराया। यह कार्रवाई तहसीलदार श्रीमती मनीषा मिश्रा के नेतृत्व में की गई।
तहसीलदार श्रीमती मिश्रा ने बताया कि खातौली तिराहे स्थित मठेपुरा की शासकीय भूमि सर्वे क्रमांक 27/2, 27/7 एवं 27/12 पर अतिक्रमण पाया गया था। अतिक्रमणकारियों को पूर्व में नोटिस जारी कर भूमि खाली करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर आज जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
उक्त सर्वे नंबरों की कुल 0.585 हेक्टेयर वेशकीमती भूमि, जिसकी बाजार कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है, को अतिक्रमण से मुक्त कराकर ग्राम पंचायत मठेपुरा की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया है। भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चारों ओर तार फेंसिंग कराने तथा शासकीय भूमि का बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इस दौरान माइनिंग विभाग द्वारा भी मौके पर कार्रवाई की गई। अवैध रूप से अतिक्रमण कर रखे गए पत्थर के स्टॉक को हटवाते हुए संबंधितों पर जुर्माना भी लगाया गया।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त संदेश गया है।
