जिले के विकास के लिए समन्वय से कार्य करें – सांसद तोमर जून 2026 तक रेलवे प्रोजेक्ट पूरा होने की उम्मीद

0
25
Spread the love

श्योपुर, 30 दिसंबर 2025 
मुरैना–श्योपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद  शिवमंगल सिंह तोमर ने कहा कि जिले के समग्र विकास के लिए जनप्रतिनिधि और अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें। वे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के ठोस प्रस्ताव तैयार कर उन्हें अवगत कराया जाए, ताकि उच्च स्तर पर स्वीकृति के लिए प्रभावी प्रयास किए जा सकें।

सांसद  तोमर ने रेलवे प्रोजेक्ट को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि जून 2026 से पहले इस कार्य को पूरा करने का प्रयास किया जाए, जिससे श्योपुर जिले को रेल सुविधा का लाभ मिल सके। साथ ही उन्होंने सांदीपनि विद्यालयों के निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री सुधीर अग्रवाल, विधायक श्योपुर  बाबू जण्डेल, विधायक विजयपुर मुकेश मल्होत्रा, भाजपा जिला अध्यक्ष  शंशाक भूषण सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।

कूनो पर्यटन पर विशेष जोर
सांसद तोमर ने कूनो नेशनल पार्क में पर्यटन बढ़ाने की दिशा में ठोस कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने टिकटोली गेट पर कैंटीन, शोविनियर शॉप एवं अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित करने पर बल दिया। बताया गया कि अक्टूबर से दिसंबर तिमाही में 3018 पर्यटकों ने कूनो का भ्रमण किया, जो पर्यटन की दृष्टि से सकारात्मक संकेत है।

अधोसंरचना विकास के निर्देश
बैठक में सांसद ने विधि महाविद्यालय में प्रथम तल निर्माण का प्रस्ताव भेजने, ब्रिज कॉर्पोरेशन द्वारा बनाए जा रहे पुलों को समय-सीमा में पूर्ण करने तथा बड़ौदा क्षेत्र के रूड़ी में पार्वती नदी पर स्वीकृत पुल को हाईवे से जोड़ने हेतु आंतरिक सड़क प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। रेलवे प्रोजेक्ट अंतर्गत टर्राकलां एवं चकबमूलिया में बने अंडरपास की ऊंचाई बढ़ाने हेतु भी प्रस्ताव बनाने को कहा गया। ढोढर एवं सोठवा में नलजल योजनाओं के सुचारू संचालन के लिए पीएचई व ग्रामीण विकास विभाग के समन्वय पर जोर दिया गया।

रेलवे व अन्य विभागों की प्रगति
रेलवे अधिकारियों ने जानकारी दी कि 188 किलोमीटर रेलवे ट्रैक बिछाया जा चुका है और प्रोजेक्ट जून 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। पीएमजीएसवाय अधिकारियों ने बताया कि पीएम जनमन योजना अंतर्गत 21 सड़कों के वर्क ऑर्डर जारी किए जा चुके हैं। विद्युत विभाग ने विजयपुर के अकोरिया में सब स्टेशन प्रारंभ होने की जानकारी दी, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने विजयपुर में 24 करोड़ रुपये की लागत से 100 बिस्तरीय सिविल अस्पताल निर्माण प्रगति पर होने की जानकारी दी।

पीएम जनमन अंतर्गत 21 सड़कों के वर्क ऑर्डर जारी
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने बताया कि पीएम जनमन योजना के तहत आदिवासी बस्तियों में अधोसंरचनात्मक विकास कार्य तेजी से जारी हैं। इस क्रम में जिले में 21 सड़कों के निर्माण हेतु कार्य आदेश जारी किए गए हैं, जिनमें भीकापुर फाटक से डाबली सहराना, टिकटोली से हथेडी, सोईकलां से खुरखुरा आदिवासी बस्ती, ढोढर रोड से ढीमचौतरा सहित अन्य सड़कें शामिल हैं।

बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा भी जिले के विकास से जुड़े उपयोगी सुझाव प्रस्तुत किए गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here