श्योपुर, 09 दिसंबर 2025
जिले में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम निर्णय लेते हुए कलेक्टर एवं जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के अध्यक्ष अर्पित वर्मा ने कूनो क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के निर्माण की अनुमति प्रदान की है। मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (एमपीएसटीडीसी) भोपाल द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर यह अनुमति जारी की गई है।
एमपी टूरिज्म ने कूनो नेशनल पार्क के टिकटोली गेट पर पर्यटन हेतु मूलभूत सुविधाओं के विकास, कूनो क्षेत्र के भीतर और आसपास संकेतक (साइनज) लगाने, तथा आस-पास के जिलों के प्रवेश द्वारों पर आकर्षक व सुंदर संकेतक स्थापित करने का प्रस्ताव भेजा था, ताकि रणथंभौर राष्ट्रीय उद्यान जाने वाले पर्यटकों को कूनो की ओर आकर्षित किया जा सके। कलेक्टर ने इन सभी कार्यों को स्वीकृति प्रदान कर दी है।
कूनो नदी पर स्टॉप डैम निर्माण पर भी आगे बढ़ेगा काम
इसके अतिरिक्त कूनो नदी पर बने ब्रिज से लगभग 500 मीटर की दूरी पर प्रस्तावित स्टॉप डैम निर्माण के संदर्भ में भी प्रशासन ने आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है। कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री, जल संसाधन विभाग श्योपुर को निर्देशित किया है कि स्टॉप डैम निर्माण से संबंधित प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से कूनो क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है, जिससे जिले में पर्यटन आधारित रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
