श्योपुर, 05 नवंबर 2025
श्योपुर जिले में हाल ही में हुई अतिवृष्टि से किसानों की धान की फसल पूरी तरह नष्ट हो जाने के बाद अब भारतीय किसान संघ ने बड़ा आंदोलन छेड़ने की घोषणा की है।
संघ ने जानकारी दी है कि 7 नवंबर 2025 को संपूर्ण बाजार बंद रखा जाएगा। इस दौरान किसान फसल बीमा, मुआवजा, साथ ही राष्ट्रीयकृत/निजी बैंकों की केसीसी एवं सहकारी बैंकों के सभी ऋण माफ करने की मांग करेंगे।
जिला चौधरी ने बताया कि प्रशासन द्वारा सर्वे के नाम पर सिर्फ औपचारिकता की जा रही है। इससे पहले गर्मी की मूंग फसल पूरी तरह नष्ट हो गई थी, जिसका मुआवजा आज तक किसानों को नहीं मिला। इसी तरह खरीफ की तिल्ली, सोयाबीन और मक्का फसलें भी नष्ट हुई थीं, लेकिन किसानों को कोई राहत नहीं दी गई।
उन्होंने कहा कि अब धान की फसल पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है और किसानों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है।
भारतीय किसान संघ ने जिले के सभी किसान भाइयों से 7 नवंबर को श्योपुर पहुंचकर अपने अधिकारों की लड़ाई में शामिल होने की अपील की है।
इस आंदोलन को व्यापार संघ का भी समर्थन मिला है। किसान संघ ने स्पष्ट किया है कि यह लड़ाई किसानों के अधिकार और न्याय के लिए है, जिसमें सभी को एकजुट होकर भाग लेना चाहिए।

✍️ Crime National News – Sheopur Bureau
