श्योपुर, 08 अगस्त 2025
श्योपुर शहर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नगर सीमा वृद्धि के प्रस्ताव पर आज विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नपाध्यक्ष प्रतिनिधि सुजीत गर्ग सहित नगरपालिका अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में नपाध्यक्ष प्रतिनिधि श्री गर्ग ने अवगत कराया कि पहले भेजे गए सीमा विस्तार प्रस्ताव के अतिरिक्त अब मेडिकल कॉलेज एवं रेलवे स्टेशन क्षेत्र को भी नगरीय सीमा में शामिल करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए 11 अगस्त को परिषद की बैठक में नया संशोधित प्रस्ताव पारित किया जाएगा।
इन ग्रामों को पहले से किया गया है शामिल
पूर्व प्रस्ताव में बगवाज, ढेगदा, कलारना, सलापुरा, जैदा, इच्छापुरा, मठेपुरा, ग्वाडी, जाटखेड़ा, सेमल्दा ग्रामों को शामिल करने का सुझाव भेजा गया था। अब इसमें मेडिकल कॉलेज और रेलवे स्टेशन एरिया भी जोड़े जाएंगे, जिससे शहर का क्षेत्रफल और विकास की संभावनाएं दोनों बढ़ेंगी।
कलेक्टर श्री वर्मा ने निर्देश दिए कि टीएनसीपी (नगर तथा ग्राम निवेश संचालनालय) के मापदंडों के अनुसार क्षेत्र का विकास सुनिश्चित किया जाए और प्रस्ताव की सभी प्रशासनिक औपचारिकताएं पूर्ण कर शासन को शीघ्र भेजा जाएं।
उन्होंने एडीएम रूपेश उपाध्याय को इस कार्य के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सौंपी।
📈 विकास की दिशा में बढ़ता श्योपुर
नगर सीमा में रेलवे स्टेशन और मेडिकल कॉलेज जैसे प्रमुख संस्थानों के शामिल होने से सुविधाओं का विस्तार, योजनाओं का समुचित क्रियान्वयन और आधारभूत ढांचे का विकास सुनिश्चित होगा। यह विस्तार शहर की भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है।
