दूषित पानी से होने वाली बीमारियों से बचाव हेतु स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी जारी

0
18
Spread the love

श्योपुर, 04 जनवरी 2026

दूषित पानी के सेवन से फैलने वाली जल-जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन ने आमजन से सतर्कता बरतने की अपील की है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिलीप सिकरवार द्वारा आवश्यक सावधानियों संबंधी एडवाइजरी जारी की गई है।

सीएमएचओ डॉ. सिकरवार ने बताया कि दूषित पानी के उपयोग से उल्टी-दस्त, पेचिश, हैजा एवं टायफाइड जैसी संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इनसे बचाव के लिए स्वच्छता बनाए रखना और सुरक्षित पेयजल का उपयोग अत्यंत आवश्यक है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी में नागरिकों से अपील की गई है कि पीने के लिए केवल स्वच्छ एवं सुरक्षित पानी का ही उपयोग करें। शौचालय के उपयोग के बाद हाथों को साबुन से अच्छी तरह धोएं। ताज़ा एवं स्वच्छ भोजन का सेवन करें तथा बासी खाद्य पदार्थों से परहेज रखें। पके हुए भोजन को ढककर रखें ताकि वह मक्खियों एवं धूल से दूषित न हो। खुले, कटे हुए अथवा सड़े-गले फलों और खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन न करें। सब्जियों और फलों को स्वच्छ पानी से धोकर तथा साफ चाकू से काटकर ही उपयोग में लाएं। शौचालय को स्वच्छ रखें और खुले में शौच न करें।


बड़ौदा एवं विजयपुर में पेयजल आपूर्ति का निरीक्षण

कलेक्टर  अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार बड़ौदा एवं विजयपुर नगर परिषद क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। बड़ौदा में नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री राजू सुमन, सीएमओ श्री ताराचंद धूलिया सहित नगरीय निकाय के अमले ने विभिन्न वार्डों की गलियों और मोहल्लों में डाली गई पाइपलाइनों तथा नल कनेक्शनों की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने सुरक्षित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए।

इसी प्रकार नगर परिषद विजयपुर में भी अधिकारियों द्वारा विभिन्न पेयजल स्रोतों का निरीक्षण कर स्वच्छ एवं सुरक्षित जल आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश संबंधितों को दिए गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here